जाहिलों की पार्टी है भाजपा : राघव चड्ढा

Last Updated 17 Apr 2022 01:15:08 AM IST

शनिवार को राजधानी का राजनीतिक पारा गरम रहा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर तोड़फोड़ करने के आरोपियों को प्रदेश भाजपा द्वारा सम्मानित करने पर आप के नेताओं ने भाजपा पर जमकर हमला बोला।


आप नेता राघव चड्ढा (File photo)

आप के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा एवं प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने संवाददाताओं से बात करते हुए भाजपा नेताओं पर तमाम आरोप लगाए।

पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आप नेता राघव चड्ढा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने मुख्यमंत्री पर हमला करने वालों को सम्मानित करके साबित कर दिया है कि वह जाहिलों की पार्टी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अच्छे स्कूल और कॉलेज नहीं बनाना चाहती। वह चाहती है कि देश में अनपढ़ों की फौज खड़ी हो जाए। आप नेता ने कहा कि भाजपा के लोगों को हमारा संदेश है कि आप गुंडागर्दी कीजिए, लेकिन केजरीवाल सरकार अच्छे स्कूल, अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिक बनाएगी।

भाजपा और उनके समर्थक केजरीवाल के शिक्षा के मॉडल से डरते हैं। हम लोग देशभक्त हैं और भाजपा की इस अराजकता से भागने वाले नहीं हैं। उन्होंने दिल्ली के लोगों से ऐसी राजनीतिक पार्टी का वहिष्कार करने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिनों से भाजपा समर्थक अराजकता का परिचय दे रहे हैं। कभी उप-मु्ख्यमंत्री के घर पर हमला करके तोड़फोड़ करते हैं तो कभी मुख्यमंत्री पर हमला करते हैं।

उधर, आप के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने भी संवाददाताओं से बात करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो वलात्कार करने वालों के समर्थन में तिरंगा यात्रा निकालती हैं। उन्होंने देश के बिगड़ते हुए माहौल पर चिंता व्यक्त की और कहा कि भाजपा अराजकता फैलाने वालों के साथ खड़ी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के एजेंडे में शिक्षा जैसी योजनाएं नहीं हैं। भाजपा नेता कभी नहीं चाहते कि समाज में सभी लोग पढ़ लिखकर आगे बढ़ें। बेरोजगारी बढ़ने की यही बढ़ी वजह है। आज माताओं, बहनों और बेटियों को घर से निकलना मुश्किल हो गया है। आम आदमी पार्टी इकलौती एक ऐसी पार्टी है, जिसमें अच्छे, शरीफ और पढ़े लिखे लोग हैं। उनकी पार्टी के नेता चाहते हैं कि सभी शिक्षित, ईमानदार और शरीफ बनें।



आरोपियों को सम्मानित करने पर भाजपा पर भड़के सिसोदिया

प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर तोड़फोड़ करने के आरोपियों को प्रदेश भाजपा द्वारा सम्मानित करने पर उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी भाजपा पर निशाना साधा। पार्टी कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि भाजपा नेता समाज में अराजकता फैलाने एवं वलात्कार जैसे घिनौने कृत्य में शामिल आरोपियों के साथ खड़े हैं।

भाजपा का असली चेहरा और चरित्र यही है। सिसोदिया ने विभिन्न राज्यों के उन तमाम भाजपा नेताओं को कटघरे में खड़ा किया जो अलग-अलग आरोपों में दागी रहे हैं। सिसोदिया ने आरोप लगाया कि जो लोग समाज में अराजकता फैलाते हैं, लड़कियों को छेड़ते हैं और घिनौने कृत्य में शामिल हैं, भाजपा उन्हें अपने यहां आश्रय देती है। मुख्यमंत्री के आवास पर हमला करने वालों को हीरों की तरह सम्मानित करना भाजपा नेताओं की मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आज पूरे देश में ये संदेश दे रही है कि आप सड़क पर अराजकता फैलाते हैं, महिलाओं को छेड़ते हैं, तो भाजपा में आपका स्वागत है। उन्होंने कहा कि अपराध करने के बाद जो लोग जेल जाते हैं, भाजपा उन्हें अपने यहां लाती है। जबकि बाहरी देशों में कोई व्यक्ति लड़की को छेड़ता है तो उसे जेल जाना पड़ता है। भाजपा चाहती है आज के युवा पढ़ने-लिखने के बजाय इस तरह की आदतों की तरफ बढ़ें। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी शरीफ, ईमानदार, देशभक्तों, पढ़े लिखों की पार्टी है। सभी लोगों को ‘आप’ का साथ देना चाहिए।

अपने गिरेबान में झांकें आप के नेता : कपूर

आम आदमी पार्टी के हमले से प्रदेश भाजपा तिलमिला गई है। पार्टी प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने भाजपा नेताओं पर आरोप लगाने वाले आप के सभी नेताओं पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने से पहले आम आदमी पार्टी के नेताओं को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए और हिन्दू विरोधी मानसिकता से बचना चाहिए। मुख्यमंत्री ने जिस तरह से विधानसभा में कश्मीरी पंडितों का अपमान किया, वह बर्दाश्त करने के लायक नहीं है।

भाजपा प्रवक्ता के कहा कि राघव चड्ढा और सौरभ भारद्वाज को आरोप लगाने के पहले अपने नेताओं की करतूत पर नजर रखनी चाहिए। आप के नेता जिस तरह से वलात्कार के आरोपियों की तुलना युवा प्रदर्शनकारियों से कर रहे हैं, यह उनकी राजनीतिक अपरिपक्वता को दर्शाता है। 30 मार्च को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर प्रदर्शन करने वालों में पढ़े-लिखे युवा शामिल थे। भाजपा प्रवक्ता ने सोमनाथ भारती का नाम लेते हुए आप के नेताओं से सवाल किया कि पत्नी के साथ अत्याचार करने वाले को क्या संज्ञा देंगे। भाजपा प्रवक्ता ने आप के कई नेताओं के नाम का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी करतूत को भी उजागर करना चाहिए।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment