हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रमुख तंवर और पूर्व आईपीएस ने थामा ‘आप’ का दामन

Last Updated 05 Apr 2022 03:11:29 AM IST

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में सोमवार को बेंगलुरू के पूर्व पुलिस कमिश्नर भास्कर राव एवं हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ‘आप’ में शामिल हो गए।


हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रमुख तंवर और पूर्व आईपीएस ने थामा ‘आप’ का दामन

केजरीवाल ने भास्कर राव को पटका और टोपी पहनाकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। इस दौरान उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि अब दिल्ली और पंजाब में ‘आप’ की सरकारों के काम पूरे देश में दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कर्नाटक में ‘आप’ के चुनाव प्रभारी एवं विधायक दिलीप पांडेय, कर्नाटक आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक पृथ्वी रेड्डी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। सिरसा लोकसभा सीट से सांसद रह चुके तंवर दिल्ली में पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल से मिलने के बाद ‘आप’ में शामिल हुए। तीन साल पहले तंवर ने कांग्रेस छोड़ी थी। बाद में उन्होंने ‘अपना मोर्चा‘ नाम से पार्टी भी बनाई थी। पिछले साल हुए ऐलनाबाद उपचुनाव में हालांकि उन्होंने इंडियन नेशनल लोकदल प्रत्याशी अभय चौटाला को समर्थन दिया था। फिर नवंबर में वह तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे। ‘आप’ के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर तंवर के पार्टी में शामिल होने की घोषणा करते हुए ट्वीट किया गया है कि अब हरियाणा में भी होगी काम की राजनीति।



वहीं केजरीवाल ने उनका पार्टी में स्वागत कर कहा कि, परिवार में आपका स्वागत है अशोक जी, छात्र राजनीति से लेकर संसद तक का आपका राजनीतिक अनुभव निश्चित ही हरियाणा और देश भर में पार्टी संगठन के लिए काफी मददगार साबित होगा।''
अशोक तंवर के साथ दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता की, जिसमें उन्होंने कहा कि, देशभर के लोग आम आदमी पार्टी से प्रभावित होकर हमारे साथ जुड़ रहे हैं। हम शिक्षा, स्वास्थ्य पर काम करते हैं। दिल्ली में हमारा काम और पंजाब में भी हमारे अच्छे कामों की शुरूआत हो चुकी है।
साथ ही अशोक तंवर ने केजरीवाल मॉडल की तारीफ करते हुए कहा कि, आम आदमी पार्टी पूरे देश को जोड़ने की विचारधारा के साथ देश को आगे बढ़ाना चाहती है, जो कुर्बानियों के इतिहास को याद रखती है और देश को नई ऊंचाइयों पर आगे ले जाना चाहती है। यह सब देख हमने जुड़ा महसूस किया और कुछ अच्छा करने की नीयत से पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
तीन दशक तक मैंने राजनीति की है, पार्टी को हरियाणा में आगे बढ़ाने के लिए पूरा जोर लगा देंगे और जितना हमारा अनुभव है उसको पार्टी को मजबूत करने में लगाएंगे।
दरअसल हरियाणा के सिरसा से सांसद रह चुके तंवर ने साल 2019 में कांग्रेस छोड़ दी थी, वह हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति (एचपीसीसी) के अध्यक्ष थे। साथ ही उन्होंने भारतीय युवा कांग्रेस और कांग्रेस की छात्र इकाई एनयूएसआई के अध्यक्ष पद पर भी सेवाएं दी थीं।
इसके अलावा पार्टी में अनबन के बाद तंवर ने ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का दामन थाम लिया था, अब तंवर आप में शामिल हुए हैं।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment