दिल्ली में बारिश के बाद तापमान गिरा
राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को भारी बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
![]() दिल्ली में बारिश के बाद तापमान गिरा |
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में औसत तापमान से दो डिग्री अधिक है।
हवा में नमी का स्तर 57 प्रतिशत दर्ज किया गया। आईएमडी ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़े के अनुसार रविवार शाम को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘मध्यम’ श्रेणी में 161 दर्ज किया गया। बारिश के कारण सोमवार को परिस्थिति में सुधार की संभावना है।
भू-विज्ञान मंत्रालय के पूर्वानुमान निकाय ‘सफर’ ने कहा, ‘‘दिल्ली का एक्यूआई मध्यम श्रेणी में है। स्थानीय शुष्क मौसम एवं दक्षिण-पश्चिम हवा के कारण स्थानीय धूल उत्सर्जन से पीएम 10 में इजाफा होगा। रेगिस्तानी इलाके से अतिरिक्त धूल आने की संभावना है।’’
उसने कहा, ‘‘हवा की दिशा में बदलाव के कारण एक्यूआई में बदलाव हो सकता है। बारिश के कारण अगले 24 घंटों में एक्यूआई में थोड़ा सुधार होगा और फिर से ये मध्यम स्तर पर आ जाएगा।’’ सफर के मुताबिक रविवार को पराली जलाने की 735 घटनाएं हुई और पीएम 2.5 में इसका योगदान दो फीसदी रहा।
गौरतलब है कि शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 ‘गंभीर’ माना जाता है।
| Tweet![]() |