दिल्ली पुलिस ने सीएए के खिलाफ प्रदर्शन वाले 12 जगहों की पहचान की

Last Updated 19 Dec 2019 07:22:43 PM IST

राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली पुलिस द्वारा कुल 12 ऐसे फ्लैश प्वाइंट की पहचान की गई है, जहां विभिन्न समूहों ने गुरुवार को नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए हैं।


सीएए के खिलाफ प्रदर्शन

सुरक्षा एजेंसियों ने इन स्थानों पर धारा 144 लगा दी है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए हैं।

कांग्रेस पार्टी से लेकर देश के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गुरुवार को दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर सभाएं आयोजित की। दिल्ली पुलिस के आंतरिक नोट में बताया गया है कि प्रदर्शन सुबह आठ बजे शुरू हुए और रात तक जारी रहने की उम्मीद है।

असम के कांग्रेस विधायक रूपज्योति कुमार सुबह आठ बजे जंतर मंतर पर अनशन पर बैठे।

जुबेर अहमद के नेतृत्व में जामिया मिलिया इस्लामिया के छात्रों ने सुबह 10 बजे विश्वविद्यालय के गेट नंबर सात पर प्रदर्शन किया और लाल किले की ओर बढ़ने का प्रयास किया। यहां 1,000 प्रदर्शनकारियों की भीड़ देखी गई।

दूसरी ओर, पुलिस ने पाया कि सुबह 10 बजे से लेकर शाम पांच बजे के बीच अमूल चंद के नेतृत्व में अखिल भारतीय शरणार्थी संगठन सीएए व एनआरसी के पक्ष में जंतर मंतर पर लगभग 200 लोग इकट्ठा हुए हैं।

योगेंद्र यादव ने स्वराज अभियान का नेतृत्व किया और लालकिले से लेकर आईटीओ स्थित शहीद पार्क तक विरोध मार्च निकाला। यहां एजेंसियों द्वारा कुल 1,500 लोगों की भीड़ देखी गई।

मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और अन्य वाम दलों ने सुबह 11 बजे से मंडी हाउस से जंतर मंतर तक विरोध मार्च किया। माकपा सचिव के. एम. तिवारी ने दिल्ली पुलिस से अनुमति मांगी थी, जिसे अस्वीकार कर दिया गया। इसके साथ ही उन्होंने भारत बंद का आह्वान भी किया।

डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया ने भी सुबह 11 बजे मंडी हाउस से जंतर मंतर तक विरोध मार्च निकालने की योजना बनाई।

सुबह 11 बजे समाजवादी पार्टी के नेता आर.एस. यादव ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने की योजना बनाई।

इसके साथ ही सुबह 11 बजे भाजपा सांसद हर्षवर्धन और मनोज तिवारी ने पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों द्वारा आदर्श नगर स्थित मजलिस पार्क से राजघाट तक सीएए व एनआरसी के समर्थन में निकाले गए एक मार्च की अगुवाई की।

मैदान गढ़ी से एन. निर्मला ने जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन की योजना बनाई।



जामिया मिलिया इस्लामिया के पूर्व छात्र संघ ने शफा उर रहमान खान के नेतृत्व में जंतर मंतर पर सुबह विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई।

पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया ने दोपहर तीन बजे प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में नए कानून के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की योजना बनाई।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment