दिल्ली के कारखाने में लगी आग से 43 की मौत

Last Updated 08 Dec 2019 03:02:46 PM IST

दिल्ली के रानी झांसी रोड बाजार में रविवार को आग लगने से कम से कम 43 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं।


दिल्ली के कारखाने में आग

दिल्ली के कारखाने में आग की यह जानकारी राष्ट्रीय राजधानी के अग्निशमन विभाग ने दी। घटना में मरे लोग मजदूर हैं, जो कारखाने में रविवार सुबह 4.30-5 बजे के आस पास लगी आग के दौरान सो रहे थे।

घटना के बाद अब तक 60 से अधिक लोगों को वहां से निकाला जा चुका है और उन्हें लोक नायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल और लेडी हॉर्डिग हॉस्पिटल में ले जाया गया है।

एलएनजेपी अस्पताल में 34 और लेडी हाडिर्ंग अस्पताल में नौ लोगों के मरने की सूचना मिली है।

अग्निशमन विभाग ने बताया कि बाजार में आग लगने की सूचना उन्हें सुबह करीब 5.22 पर मिली, जिसके बाद 25 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाया है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लग सकता है।

दिल्ली अग्निशमन विभाग के प्रमुख अतुल गर्ग ने कहा कि, आग लगने से करीब 40 लोगों की मौत हो गई, आग एक बैग बनाने वाले कारखाने लगी है, वहीं आग आसपास की दो अन्य इमारतों में फैल गई है। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

वहीं पुलिस ने बताया कि कारखाने के मालिक के खिलाफ आवासीय क्षेत्र से बैग बनाने के कारखाने के संचालन और सुरक्षा मापदंडों का पालन न करने को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना को दुखद बताया और संबंधित अधिकारियों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

शाह ने ट्वीट किया, "नई दिल्ली में लगी आग की दुर्घटना में जानमाल का भारी नुकसान हुआ है। अपने प्रिय परिजन को खोने वाले परिवारों के साथ मेरी गहरी संवेदना है। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे हर संभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराए।"

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने घटना को दुखद बताया और अग्निशमन कर्मियों की सेवा को उनका बेहतर प्रदर्शन बताया।

केजरीवाल ने ट्वीट किया, "बहुत ही अधिक दुखद खबर। बचाव राहत कार्य जारी है। घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है।"

वहीं भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जे. पी नड्डा ने कहा, "दिल्ली के रानी झांसी रोड स्थित अनाज मंडी में आग की दुर्घटना में जानमाल की हानि से बेहद आहत। शोकाकुल परिवारों के साथ मेरी संवेदना है। दुआ है कि घायल जल्द ही ठीक हो जाए। भाजपा ने दिल्ली के कार्यकर्ताओं से प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता करने को कहा है।"



ऐसा कहा जा रहा है कि यह अग्निकांड, दिल्ली में आग लगने की सबसे बड़ी घटनाओं में से एक है। इससे पहले 13 जून, 1997 को दक्षिणी दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके में स्थित उपहार सिनेमा में ऐसी ही घटना घटी थी, जिसमें 59 लोगों की जान चली गई थी और 100 से अधिक लोग घायल हुए थे।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment