सात समुंदर पार शादी रचाने आई महिला की मौत, पुलिस खामोश!

Last Updated 16 Nov 2019 05:06:59 PM IST

सात समुंदर पार से दिल्ली में भारतीय रीति रिवाजों से प्रेम-विवाह करने पहुंची महिला की यहां संदिग्ध हालत में मौत हो गई।


महिला का नाम टुइअल्ली पोली एैने (49) है। टुइअल्ली मूलत: न्यूजीलैंड की रहने वाली थी। पुलिस आस्ट्रेलियाई मूल के उसके प्रेमी से पूछताछ कर ही है। मामला चूंकि विदेशी महिला की संदिग्ध मौत का है, इसलिए दिल्ली पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता से लेकर मध्य दिल्ली जिले के डीसीपी तक सब खामोश हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना शनिवार सुबह के वक्त की है। महिला की मौत की जांच मध्य दिल्ली जिले के पहाड़गंज थाने की पुलिस कर रही है। इस घटना के 7-8 घंटे बाद भी मध्य दिल्ली जिले के डीसीपी और दिल्ली पुलिस के मुख्य प्रवक्ता मंदीप सिंह रंधावा व दिल्ली पुलिस मुख्यालय के अतिरिक्त प्रवक्ता अनिल मित्तल ने चुप्पी साध रखी है।

थाना पहाड़गंज सूत्रों ने बताया, "महिला ऑस्ट्रेलियाई मूल के बॉयफ्रेंड के साथ शुक्रवार रात होटल में पहुंची थी। उन दोनों को भारत में भारतीय रीति-रिवाज से प्रेम-विवाह की सभी रस्में पूरी करनी थीं।"

सूत्र के अनुसार, शनिवार सुबह अचानक महिला की तबीयत खराब हो गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

सूत्रों ने बताया कि महिला को हृदयाघात हुआ था, जिसके चलते उसकी जिंदगी नहीं बचाई जा सकी। इस मामले की पूरी जानकारी दिल्ली पुलिस ने न्यूजीलैंड दूतावास को भी दे दी है।

आईएएनएस
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment