हरियाणा में भी कांग्रेस की ‘ना’, सिर्फ दिल्ली में गठबंधन को आप नहीं तैयार: सिसोदिया

Last Updated 20 Apr 2019 12:25:47 PM IST

आप ने पंजाब के बाद हरियाणा में भी गठबंधन के लिए कांग्रेस की ना के बाद सिर्फ दिल्ली में गठबंधन की संभावना से इंकार कर दिया है।


दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और आप नेता मनीष सिसोदिया

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और आप नेता मनीष सिसोदिया ने शनिवार को कहा, ‘‘कांग्रेस ने कल रात हरियाणा में भी आप के साथ गठबंधन से इंकार कर दिया है, ऐसे में सिर्फ दिल्ली में कांग्रेस से गठबंधन के लिए आप तैयार नहीं है।’’    

सिसोदिया ने कहा कि आप ने गठबंधन की पहल सिर्फ देश को ‘मोदी-शाह’ की जोड़ी को फिर से सत्ता में आने से रोकने के लिये की थी, लेकिन कांग्रेस सीटों के गणित में लगी है। उसका मकसद मोदी-शाह की जोड़ी के खतरे से देश को बचाना नहीं है।

उन्होंने हालांकि अभी भी गठबंधन की बातचीत पर पूर्णविराम लगने के सवाल पर कहा, ‘‘हमने अपनी तरफ़ से हर सम्भव प्रयास कर लिया है। अब कांग्रेस के ऊपर है कि वह क्या करती है। मुझे नहीं लगता है कि कांग्रेस भाजपा को रोकने के लिए संजीदा है।’’    

इस दौरान गठबंधन के लिए बातचीत कर रहे आप के राज्य सभा सदस्य संजय सिंह ने कहा, ‘‘कल कांग्रेस ने पंजाब और हरियाणा में गठबंधन का अध्याय बंद कर दिया है। हमें नहीं समझ आ रहा है कि कांग्रेस, मोदी-शाह की जोड़ी को सत्ता में आने की संभावना को ज़िंदा क्यों रख रही है।’’  

भाषा
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment