मध्य प्रदेश: खंडवा से BJP सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का निधन, सीएम शिवराज ने जताया शोक

Last Updated 02 Mar 2021 10:21:21 AM IST

मध्यप्रदेश के खंडवा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एवं पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान का आज दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। चौहान 68 वर्ष के थे।


खंडवा के BJP सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का निधन

उन्होंने आज तड़के अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे पिछले लगभग एक माह से अस्पताल में भर्ती थे। उसके पहले वे कोरोना के चलते भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। भोपाल में स्वास्थ्य में लाभ नहीं होने के चलते उन्हें एयरएंबूलेंस से दिल्ली शिफ्ट किया गया था। उनके परिवार में पत्नी दुग्रेशश्री और पुत्र हषर्वर्धन सिंह और दो पुत्रियां हैं।

भाजपा सूत्रों के अनुसार आज तड़के वेंटीलेटर से हटाने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी पार्थिव देह आज अपरान्ह विशेष विमान से खंडवा लाए जाने की संभावना है। उनका गृह गांव शाहपुर है, खंडवा संसदीय क्षेत्र के अधीन आता है।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं खंडवा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उनके श्रद्धांजलि अर्पित की है।

चौहान ने ट्वीट के जरिए कहा कि लोकप्रिय जननेता ‘नंदू भैया’ हम सबको छोड़कर चले गए। हमारे सब प्रयास विफल हुए। नंदू भैया के रूप में भाजपा ने एक आदर्श कार्यकर्ता, कुशल संगठक, समर्पित जननेता को खो दिया। चौहान ने कहा कि नंदू भैया के निधन से वे व्यथित हैं और यह उनके लिए निजी क्षति है।

चौहान ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नंदकुमार सिंह चौहान ने अपना सवरेत्कृष्ट योगदान दिया। उनकी पार्थिव देह आज उनके गृह गांव पहुंचेगी। कल हम सब उन्हें विदायी देंगे।

 

प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने ट्वीट में कहा है वे राजनीति के विराट व्यक्तित्व थे। वे छह बार सांसद, तीन बार नगरपालिका अध्यक्ष और दो बार विधायक रहे। उन्हें लगातार दो बार प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष रहने का सौभाग्य मिला। उन्होंने भी नंदू भैया के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

प्रदेश भाजपा के नेताओं और राज्य के मंत्रियों ने भी चौहान के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है।

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने खंडवा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एवं पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

कमलनाथ ने अपने ट्वीट के जरिए शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा ‘खंडवा के सांसद नंदकुमार चौहान के दुखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनो को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करे।’

 

चौहान वर्ष 2014 से 2018 तक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रहे। वे प्रदेश भाजपा में अनेक पदों पर भी रहे।

वार्ता
नई दिल्ली/भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment