झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में माओवादियों के खिलाफ तलाशी अभियान के दौरान बृहस्पतिवार को एक आईईडी विस्फोट में कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
 |
पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि यह घटना छोटानागरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत सारंडा जंगल में सुबह साढ़े सात बजे हुई।
इसमें कहा गया है कि कोबरा 209 बटालियन के उप-निरीक्षक जितेंद्र दानी को हेलीकॉप्टर की मदद से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बयान में कहा गया है, ‘‘छोटानागरा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को तलाशी अभियान के दौरान, सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर माओवादियों द्वारा लगाए गए एक आईईडी में विस्फोट हो गया, जिससे कोबरा 209 बटालियन के उप-निरीक्षक जितेंद्र दानी घायल हो गए।’’
एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, चाईबासा पुलिस, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ के सुरक्षाकर्मियों ने छोटानागरा और झराइकेला पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीमावर्ती वन क्षेत्र में संयुक्त अभियान शुरू किया।
बयान में कहा गया है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि माओवादी नेता मिसिर बेसरा, अनल, अनमोल, अश्विन, पिंटू लोहारा, चंदन लोहारा, अमित हांसदा उर्फ उपतन अपने दस्ते के सदस्यों के साथ कोल्हान क्षेत्र के सारंडा में घूम रहे हैं।