मॉडल के यौन शोषण का आरोपी मॉडलिंग इंस्टीट्यूट संचालक तनवीर फरार, मुंबई पहुंची रांची पुलिस

Last Updated 01 Jun 2023 01:19:38 PM IST

रांची में मॉडलिंग इंस्टीट्यूट संचालक तनवीर पर मॉडल मानवी राज सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के लिए झारखंड पुलिस की एक टीम गुरुवार को मुंबई पहुंच गई है।


मानवी ने तनवीर पर धर्म और असली पहचान छिपाकर उसे ब्लैकमेल करने, नशा देकर रेप करने, जान मारने की कोशिश करने और उसका धर्म बदलकर शादी के लिए दबाव डालने का आरोप लगाते हुए मुंबई के वसोर्वा थाने में लिखित शिकायत की थी। चूंकि घटनास्थल रांची है, इसलिए वसोर्वा पुलिस ने मानवी के लिखित आरोपों पर जीरो एफआईआर दर्ज करते हुए इसे रांची पुलिस को ट्रांसफर कर दिया। अब रांची पुलिस गोंदा थाने में एफआईआर दर्ज कर पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है।

एफआईआर में मॉडल ने कहा है कि उसके पास कई ऐसे सबूत हैं जो तनवीर के खिलाफ हैं। इन सबूतों को रांची पुलिस इकट्ठा करेगी ताकि जांच में सहयोग मिल सके। मानवी का कहना है कि तनवीर की ब्लैकमेलिंग और धमकी की वजह से वह भाग कर मुंबई चली गयी लेकिन इसके बाद भी वह उसे प्रताड़ित कर रहा था।

युवती का आरोप है कि यश मॉडलिंग संस्थान के हॉस्टल में 21 मार्च 2021 को वह दोस्तों के साथ होली खेल रही थी। इस दौरान तनवीर भी वहां मौजूद था। उसी दिन तनवीर ने उसे कोल्ड ड्रिंक में कुछ मिलाकर पिला दिया। इससे वह बेहोश हो गयी। उसी दिन बेहोशी की हालत में तनवीर ने उसकी कई आपत्तिजनक फोटो उतार ली और उसे ब्लैकमेल करने लगा। 14 जुलाई 2021 को जब ऑफिस के सभी लोग घर चले गये तो तनवीर ने उससे शारीरिक संबंध बनाने को कहा।जब उसने इंकार किया तो होली के दिन खींचा हुआ अश्लील फोटो उसे दिखाया और ऑफिस में विरोध के बाद भी उसके साथ दुष्कर्म किया। मॉडल का कहना है कि तनवीर ने उसकी अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दी थी। बात नहीं मानने पर उसकी मां और भाई तक को अश्लील तस्वीरें भेज दी थी जिस वजह से 13 सितंबर 2022 को उसने आयुष मेडिकल बिल्डिंग से कूदकर जान देने की कोशिश की थी पर कूदने से पहले एक महिला ने उसे पकड़ लिया।

मॉडल का यह भी कहना है कि फिल्म केरला स्टोरी देखने के बाद उसमें हिम्मत आई और उसने साहस कर तनवीर के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। बता दें कि मानवी ने ट्विटर और यूट्यूब पर आपबीती बताते हुए वीडियो भी डाला है। उसने पीएम नरेंद्र मोदी से लेकर सीएम हेमंत सोरेन तक से गुहार लगाई है।

रांची पुलिस के मुंबई पहुंचकर लड़की का बयान दर्ज करने के बाद इस मामले की जांच में और तेजी आने की उम्मीद है। इस बीच पुलिस ने रांची में तनवीर के ठिकानों पर भी दबिश दी, लेकिन वह फरार पाया गया।
 

आईएएनएस
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment