रामनवमी में डीजे पर प्रतिबंध के खिलाफ झारखंड विधानसभा में भाजपा का हंगामा

Last Updated 21 Mar 2023 01:14:12 PM IST

हजारीबाग में रामनवमी के दौरान डीजे पर प्रतिबंध और वृहत पैमाने पर जुलूस निकालने पर रोक के आदेश पर मंगलवार को झारखंड विधानसभा में जोरदार हंगामा हुआ।


रामनवमी में डीजे पर प्रतिबंध (प्रतिकात्मक चित्र)

भाजपा के विधायकों ने इस मुद्दे को लेकर सदन के अंदर और बाहर प्रदर्शन किया। विधायकों ने वेल में पहुंचकर जय श्रीराम के नारे लगाए। हंगामे और प्रदर्शन की वजह से स्पीकर को विधानसभा की कार्यवाही दोपहर बारह बजे तक स्थगित करनी पड़ी। दोबारा सदन शुरू होने के बाद भी भाजपा विधायकों की नारेबाजी रही और शून्यकाल हंगामे में डूब गया।

सदन की कार्यवाही शुरू होने के पहले भाजपा के विधायकों ने विधानसभा के मुख्य द्वार पर प्रशासन के प्रतिबंधों के खिलाफ तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारीबाग और पूरे झारखंड में रामनवमी और सरहुल के आयोजन के दौरान भी सरकार तुष्टिकरण की राजनीति साध रही है, इसका विरोध होगा। प्रदर्शन कर रहे विधायकों में मनीष जायसवाल, बिरंची नारायण, अपर्णा सेन गुप्ता, रणधीर सिंह, नारायण दास आदि शामिल रहे।

बाद में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायक रणधीर सिंह ने यह मामला उठाते हुए मांग की कि विश्वप्रसिद्ध रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान डीजे नहीं बजाने और वृहद स्तर पर पर जुलूस निकालने के सरकार के आदेश को अविलंब वापस लिया जाना चाहिए।

विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि भगवान श्री राम के ऊपर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, जबसे झारखंड में जेएमएम-कांग्रेस और राजद के गठबंधन वाली सरकार आई है, तब से हर वर्ष हजारीबाग में आयोजित होने वाले रामनवमी के जुलूस पर अलग-अलग तरह से प्रतिबंध लगाकर हिंदुओं को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा के बाकी विधायक भी उनके समर्थन में खड़े हो गए और जय श्रीराम के नारे लगाते हुए वेल में पहुंच गए।

हंगामे के कारण स्पीकर ने विधानसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो भाजपा के विधायक फिर वेल में आकर हंगामा करने लगे। स्पीकर बार-बार विधायकों से अपने अपने आसान पर बैठने का आग्रह कर रहे थे, लेकिन हंगामा जारी रहा।

हंगामे के बीच स्पीकर ने शून्यकाल लिया। कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने भाजपा विधायकों के हंगामे पर विरोध जताते हुए कहा कि रामनवमी जुलूस पर कहीं प्रतिबंध नहीं लगा है। बिना डीजे के भी जुलूस निकल सकता है। क्या भगवान ने कहा है कि डीजे बजाकर ही शोभायात्रा निकाली जाए?

आईएएनएस
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment