कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस पार्टी को सबक सिखा दिया: मोदी

Last Updated 09 Dec 2019 01:04:22 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक विधानसभा उप चुनाव परिणाम को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आज कहा कि उसकी न केवल चोर दरवाजे से जनादेश चुराने की पुरानी आदत है बल्कि वह अपने सहयोगियों का कठपुतली की तरह इस्तेमाल भी करती है इसलिए अब जनता उसे सबक सिखा रही है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता मोदी ने बरही के रसोइधमना मैदान में आयोजित चुनावी जनसभा में अपने संबोधन में कहा,‘‘कर्नाटक ने गद्दारों को बड़ी सजा दी है। चोर दरवाजे से जनादेश चुराने वालों को सबक सिखाया है। कांग्रेस गठबंधन का कभी पालन नहीं करती। वह अपने सहयोगियों का कठपुतली की तरह इस्तेमाल करती है। वह भ्रष्टाचार के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।’’

मोदी ने झारखंड के लोगों से कर्नाटक से सबक लेने की नसीहत देते हुए कहा कि झारखंड की जनता अपने भविष्य के लिए कर्नाटक के परिणामों को याद रखते हुए उठापटक की राजनीति करने वाली कांग्रेस एवं उसके सहयोगियों के प्रत्याशियों को हराए। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस को सबक सिखा दिया है और अब झारखंड की बारी है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कर्नाटक उप चुनाव में भाजपा ने अधिकांश सीटें जीत ली हैं और कई पर आगे चल रही हैं। राजनीतिक स्थिरता और विकास के उद्देश्य से वोट करने के लिए मैं राज्य की जनता का धन्यवाद करता हूं। कुछ लोग कहते थे कि दक्षिण भारत में भाजपा का प्रभाव सीमित है, कर्नाटक के लोगों ने उप चुनाव में लोकतांत्रिक तरीके से उन्हें (कांग्रेस) हरा कर सजा दी है। लोगों में जनादेश चुराने वालों के खिलाफ काफी आक्रोश है इसलिए इस बार वैसी कई सीटें भाजपा के खाते में गई हैं जिस पर पिछले 70 सालों से किसी और दल का कब्जा था।’’

मोदी ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने भाजपा को जनादेश दिया था लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी जनादेश चुराकर सरकार बनाने में कामयाब रहे थे। उन लोगों ने सरकार तो बनाई लेकिन अपने-अपने स्वार्थ की सिद्धि के लिए पूरे एक साल तक लड़ते रहे। इस दौरान लोक कल्याण उनका एजेंडा ही नहीं रहा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने जनता दल सेक्यूलर के एच. डी. कुमारस्वामी को बहुमत का धौंस दिखाकर कठपुतली की तरह नचाया, जिसका परिणाम हुआ कि उन्हें जनता के बीच रोना पड़ा। उन्होंने कहा कि जिस तरह अपहरणकर्ता अपहृत के साथ व्यवहार करते हैं वैसे ही कांग्रेस ने श्री कुमारस्वामी के साथ किया।

गौरतलब है कि कर्नाटक उप चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा ने छह सीटें जीत ली है तथा छह अन्य पर आगे चल रही है। विधानसभा में उसे बहुमत हासिल हो गया है।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों की अनदेखी और गलत नीतियों ने झारखंड को नक्सलवाद की तरफ धकेल दिया लेकिन भाजपा सरकार की बेहतर नीतियों की वजह से यह राज्य आज शांति और विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके साथियों ने मिलकर देश के करोड़ों गरीबों को धोखा दिया जबकि भाजपा उन्हीं गरीबों की सेवा के लिए दिन-रात काम कर रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और उसके कठपुतली सहयोगियों को झारखंड के विकास से कभी कोई लेना-देना ही नहीं रहा। केंद्र सरकार की ओर से विकास के लिए भेजी जाने वाली राशि पर भी ये खेल कर जाते थे। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के प्रचूर भंडार वाले झारखंड को इन राजनीतिक दलों ने कभी ऊपर नहीं उठने दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने झारखंड के विकास के लिए एक ईमानदार प्रयास किया है।

मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार के गंभीर प्रयास की बदौलत ही झारखंड में रेलवे नेटवर्क काफी मजबूत हुआ है। भाजपा की सरकारों ने विकास के अनेक काम किए हैं, जो पूर्ववर्ती सरकारें भी कर सकती थीं। उन्होंने कहा कि यदि विकास के काम पहले हुए होते तो आज यहां उद्योग और रोजगार के लिए कहीं बेहतर माहौल मिलता। लेकिन, कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जैसे दलों की नीयत में खोट था इसलिए इनके समय में नीतियां भी खोटी ही बनायी गयीं।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आज इतना बड़ा विशाल जनसागर, झारखंड की जनता के मिजाज को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कर रहा है। यहां के लोगों के दिल में विकास के प्रति कितना विश्वास है, आज मैं इस विशाल जनसागर में देख रहा हूं। मैं झारखंड में जहां भी जा रहा हूं, वहां की सभा, पुरानी सभी सभाओं के रिकॉर्ड तोड़ रही है।’’

 

वार्ता
हजारीबाग (झारखंड)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment