छत्तीसगढ़: संदिग्ध नक्सलियों ने की पुलिस जवान की हत्या

Last Updated 12 Mar 2020 01:32:36 PM IST

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में संदिग्ध नक्सलियों ने जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के एक जवान की हत्या कर दी।


(फाइल फोटो)

सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को यहां बताया कि जिले के दोरनापाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आरगट्टा गांव के करीब संदिग्ध नक्सलियों ने सहायक आरक्षक कड़ती कन्ना की हत्या कर दी।     

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को कन्ना आरगट्टा गांव के ग्राम सभा में पत्नी के साथ शामिल हुए थे। कन्ना की पत्नी ग्राम पंचायत में वार्ड पंच हैं। कन्ना जब गांव में थे तब ग्रामीण की वेश में कुछ लोग वहां पहुंचे और कन्ना को अपने साथ ले गए।     

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने गुरुवार को कन्ना का शव गांव के करीब देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी।     

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने के बाद घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया। पुलिस ने कन्ना के शव को बरामद कर लिया है। उसके शव पर धारदार हथियार से हमला करने के निशान हैं।     

अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।     

उन्होंने बताया कि पुलिस को आशंका है कि नक्सलियों ने कन्ना की हत्या की है। क्षेत्र में खोज अभियान तेज कर दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। 

एसटीएफ जवान ने की खुदकुशी

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के एक जवान ने गुरुवार तड़के अपनी सर्विस राइफल से कथित रूप से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।     

दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पोटाली शिविर में एसटीएफ के जवान रामाराम स्वामी ने खुद को गोली मार ली।    

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तड़के शिविर के जवानों ने बैरक में गोली चलने की आवाज सुनी। जब उन्होंने वहां जाकर देखा तब रामाराम गंभीर हालत में वहां पड़े हुए थे।    

उन्होंने बताया कि शिविर के जवानों ने घटना की जानकारी अपने अधिकारियों को दी और रामाराम को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।     

अधिकारियों ने बताया कि रामाराम ने खुदकुशी क्यों की है इस संबंध में जानकारी नहीं मिली है।    

उन्होंने बताया कि पिछले साल नवंबर महीने में धुर नक्सल प्रभावित अरनपुर के पोटली में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, डीआरजी और एसटीएफ के लिए शिविर की स्थापना की गई थी।   

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रामाराम राजस्थान के सीकर जिले के चला गांव के निवासी थे। उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।    

बस्तर क्षेत्र के नारायणपुर जिले में इस महीने की चार तारीख को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवान ने अपनी सर्विस राइफल से कथित रूप से खुद को गोली मार ली थी।    

छत्तीसगढ़ सरकार ने पिछले महीने विधानसभा में बताया था कि राज्य में पिछले लगभग दो साल के दौरान पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 50 जवानों ने आत्महत्या की है। इनमें से 18 जवानों ने राज्य के बस्तर क्षेत्र के छह जिलों में आत्महत्या की है।    

भाषा
सुकमा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment