छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक जगहों पर योगाभ्यास गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज

Last Updated 21 Jun 2019 04:38:10 PM IST

पांचवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक जगहों पर लोगों द्वारा योगाभ्यास को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर आज प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों, स्कूलों, महाविद्यालयों, सभी नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों सहित विभिन्न संस्थाओं और स्थलों में विशेषज्ञ योगाचार्यों के नेतृत्व में करीब 60 लाख लोगों द्वारा सामूहिक योगाभ्यास किया गया।

राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में नगर पालिक निगम रायपुर के महापौर प्रमोद दुबे के मुख्य आतिथ्य में आयोजित सामूहिक योग प्रदर्शन कार्यक्रम में नगर के 600 स्कूली बच्चों के साथ उपस्थित जनप्रतिनिधिगण और वरिष्ठ अधिकारियों ने योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर दुबे ने कहा कि आज पूरे छत्तीसगढ़ में लोगों ने योगाभ्यास के कार्यक्रम में भाग लिया है और यह गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ है।

उन्होंने कहा कि योग एक विज्ञान है और यही लोगों के स्वस्थ जीवन का आधार है। स्वस्थ और निरोग जीवन जीने के लिए योग बहुत ही महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रायपुर दक्षिण के विधायक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पूरे विश्व में योग को स्थापित करने का श्रेय किसी को है, तो वह भारत देश है। आज पूरे विश्व के लोग भारत के योग को न केवल स्वीकार कर रहे है बल्कि अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना रहे हैं।

इस मौके पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधि आलोक कुमार ने छत्तीसगढ़ को नये विश्व कीर्तिमान बनाने का प्रोविजनल प्रमाण पत्र महापौर प्रमोद दुबे को प्रदान किया।

कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा स्मार्ट सिटी रायपुर और नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा प्रकाशित पुस्तिका- 'योग एक विज्ञान' एक कदम स्वस्थ जिन्दगी की ओर.. का विमोचन किया।

राज्य स्तरीय योग के इस मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बघेल को सम्मिलित होना था लेकिन वित्त मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने दिल्ली जाने के कारण वह शामिल नहीं हो पाए। उन्होंने दिल्ली में छत्तीसगढ़ सदन में योगाभ्यास किया। 

वार्ता
रायपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment