मेरा दामाद निर्दोष : रमन सिंह

Last Updated 04 Apr 2019 05:53:37 AM IST

पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आरोप लगाया कि उनके फरार बताए जा रहे दामाद डॉक्टर पुनीत गुप्ता पर बेबुनियाद आरोप लगाए गए हैं और यह एक षड़यंत्र है।


पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह (file photo)

उन्होंने कहा कि डीकेएस अस्पताल के पूर्व अधीक्षक डॉ. पुनीत गुप्ता गायब नहीं हुए हैं। वे जल्द ही न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत होंगे।
भाजपा के दुर्ग से लोकसभा प्रत्याशी विजय बघेल के नामांकन पत्र जमा करने के मौके पर मीडिया से चर्चा के दौरान डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में हुए घोटाले में अपने दामाद की कथित संलिप्तता संबंधी कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए रमन सिंह ने कहा कि यह पूरा मामला षड़यंत्र का हिस्सा है। कोर्ट में जाने पर दूध का दूध और पानी का पानी होगा। उन्होंने कहा कि उनके दामाद समय आने पर सामने आएंगे। इधर, राज्यभर में पुनीत गुप्ता को लेकर कयास लग रहे हैं कि वे फरार हो गए हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक दिन पहले ट्वीट करके कहा था कि वो कौन चौकीदार है, जिसका दामाद फरार है। इस सवाल पर डॉ. रमन सिंह उनके बचाव में सामने आए हैं। गौरतलब है कि डॉ. पुनीत गुप्ता राजधानी रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल के अधीक्षक रहे हैं। उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके कार्यकाल में करोड़ों के घोटाले और फर्जीवाड़े का आरोप है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ केके सहारे ने डॉ. पुनीत के खिलाफ गोलबाजार थाने में एफआईआर भी करवाई है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर छानबीन करते हुए कई हार्डडिस्क और दस्तावेज जब्त किए हैं।
उधर, 50 करोड़ के इस घोटाले में डॉ. पुनीत गुप्ता की खोजबीन जारी है। पुलिस की चार टीमें पुनीत गुप्ता की तलाशी में जुटी हुई हैं। एसएसपी आरिफ शेख का कहना है कि जितने डॉक्युमेंट्स हैं, वो सीज कर लिए गए हैं। हमारी टीम पुनीत गुप्ता की खोजबीन के लिए जुट गई है।

रायपुर
रमेश शर्मा/सहारा न्यूज ब्यूरो


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment