कांग्रेस जीती तो होगी न्यूनतम आय की गारंटी : राहुल गांधी

Last Updated 29 Jan 2019 04:19:26 AM IST

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने घोषणा की है कि वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव के बाद केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर देश के सभी गरीब व्यक्तियों को न्यूनतम आय की गारंटी दी जाएगी।


कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी (file photo)

इस पर पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने ट्वीट कर इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस योजना के बारे में कांग्रेस के चुनाव घोषणा-पत्र में पूरा ब्यौरा दिया जाएगा।
गांधी ने सोमवार को यहां अटल नगर में ‘किसान आभार सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कहा कि हमने निर्णय किया है कि हिंदुस्तान के हर गरीब व्यक्ति को 2019 के बाद कांग्रेस पार्टी वाली सरकार न्यूनतम आय की गारंटी देगी। इसका मतलब है कि हिंदुस्तान में कोई भूखा नहीं रहेगा और न कोई गरीब रहेगा। गांधी ने कहा कि देश में इस वक्त दो तरह का हिंदुस्तान बन रहा है। एक हिंदुस्तान गरीबों, किसानों, मेहनतकश मजदूरों और निराश लोगों का बन रहा है, तो दूसरी तरफ अनिल अंबानियों, भगोड़े मोदी, चौकसे जैसे लोगों का हिंदुस्तान बन रहा है। इनके कर्ज माफ कर दिए जाते हैं, मगर किसानों के लिए सिर्फ  मन की बात कह कर उनकी समस्याओं को लटकाया जाता है। राहुल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसा हिंदुस्तान नहीं बनने देगी। एक हिंदुस्तान होगा और उस हिंदुस्तान में हर गरीब व्यक्ति को न्यूनतम आमदनी देने का काम कांग्रेस पार्टी की सरकार करेगी। यह काम आज तक दुनिया की किसी भी सरकार ने नहीं किया है। यह काम दुनिया में सबसे पहले हिंदुस्तान की 2019 के बाद कांग्रेस वाली सरकार करने जा रही है। इसलिए हम हर एक गरीब के खाते में दो हजार रु पयों की एक निश्चित रकम डालेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वह जो भी वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। कांग्रेस की सरकार ने मनरेगा के तहत गरीबों को रोजगार की गारंटी दी, भोजन की गारंटी दी, सूचना का अधिकार दिया।

गांधी ने इस दौरान छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दिलाने के लिए किसानों और आम जनता के प्रति आभार प्रकट करते हुए आगामी लोकसभा चुनाव के लिए जोरदार बिगुल फूंक दिया। उन्होंने किसानों को कर्जमाफी और 2500 रु पए क्विंटल धान खरीदी का प्रमाण पत्र सौंपा। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव के समय किसानों के कर्ज माफ करने का जो वादा किया गया था, उसे हमने 10 दिन के बजाय 2 दिनों के भीतर ही अमल में ला दिया। अब जो कह रहे हैं, उस पर भी अमल करके दिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि क्या कारण है कि हिंदुस्तान का किसान बीमा कंपनी को अपना पैसा देता है, लेकिन ओला गिरता है, बारिश होती है, उसके बाद बीमे का पैसा किसानों को नहीं मिलता। अनिल अंबानी को मिलता है। गरीब किसान आधी रोटी खाए और अनिल अंबानी प्राइवेट प्लेन में उड़े, हमें ऐसा हिंदुस्तान नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में हमें जमीन अधिग्रहण बिल के लिए रोका। अपने सभी मुख्यमंत्रियों से कह दिया कि अपने-अपने राज्यों में रोक दो। अब ये सब किसान से पूछकर होगा।

रमेश शर्मा/सहारा न्यूज ब्यूरो
रायपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment