Bihar Election 2025: NDA के घटक दलों में सीट शेयरिंग पर बनी बात, भाजपा व जदयू को 101-101 सीटें

Last Updated 13 Oct 2025 08:45:36 AM IST

Bihar Election 2025: सत्ताधारी एनडीए में बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एक सप्ताह से चल रहे सीट बंटबारे को लेकर गतिरोध का पटाक्षेप हो गया है।


जदयू-भाजपा बराबर-बराबर 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेगी तो चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29, हिन्दुस्तानी अवामी मोर्चा (हम) 6 और राष्ट्रीय लोक मार्चा (रालोमो) 6 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। 2020 के चुनाव की तुलना में जदयू को 14, भाजपा को 9 और हम को एक सीट कम मिली है। जदयू-भाजपा और हम की सीट काटकर लोजपा (आर) को सीट दी गयी है।

रविवार को भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर हुई बैठक में सत्ताधारी एनडीए में सीटों का बंटबारा पूर्ण हो गया है। सीट बंटबारे को लेकर केंद्रीय मंत्री व लोजपा (आर) के अध्यक्ष चिराग पासवान, केंद्रीय मंत्री व (हम) के संरक्षक जीतन राम मांझी और रालोमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा नराज चल रहे थे। 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोर्चा संभाला तब जाकर सीट बंटबारे पर आपसी सहमति बनी। मालूम हो कि 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए में जदयू को 115, भाजपा को 110, वीआईपी को 11 और हम को 7 सीटें मिली थीं।

चिराग पासवान की पार्टी लोजपा अकेले लड़ी थी जबकि उपेंद्र कुशवाहा भी अलग लड़े थे,लेकिन इस बार सभी पांच पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ रही है। इसलिए गतिरोध बना हुआ है। 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू को 115 में 43, भाजपा को 110 में 74, वीआईपी को 11 में चार और हम को सात में चार सीट पर जीत मिली थी।

2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा 17, जदयू 16, लोजपा पांच, हम एक और रालोमो एक सीट पर चुनाव लड़ी थी। इस बार भी लोकसभा सीट को ही आधार बनाया गया है। क्योकि बिहार में एक लोकसभा सीट के अंतर्गत छह विधानसभा सीटें आती हैं। इसी के मद्देनजर लोजपा (आर) को 29, हम को छह और रालोमो को छह सीटें दी गयी हैं।

सुरेन्द्र देशवाल
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment