पटना में बढ़ा गंगा नदी का जलस्तर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लिया जायजा

Last Updated 09 Aug 2024 03:24:43 PM IST

बिहार की करीब सभी नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। कोसी, बागमती, गंडक और गंगा नदी कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इसी बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को सड़क मार्ग से पटना के आसपास गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया।


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री अटल पथ होते हुए जेपी गंगा पथ पहुंचे और कंगन घाट तक गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जेपी गंगा पथ के कंगन घाट, काली घाट, गांधी घाट एवं कृष्णा घाट पर रूककर गंगा नदी के आसपास के इलाकों की स्थिति को देखा और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।

उन्होंने अशोक राजपथ को जेपी गंगा पथ से मिलाने वाले कृष्णा घाट पर निर्माणाधीन एप्रोच रोड की भी जानकारी ली और तेजी से निर्माण पूर्ण करने का निर्देश दिया। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने गंगा नदी के किनारे वाले क्षेत्रों में बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए अलर्ट रहने और सारी तैयारी पूर्ण रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त-सह-जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद, जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह भी साथ रहे।

बता दें कि गंगा नदी पटना के गांधी घाट और भागलपुर जिले के कहलगांव में लाल निशान के ऊपर पहुंच गई है। नदियों के जलस्तर में हो रही वृद्धि के बाद कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। गंगा नदी में उफान से दियारा की सात पंचायतों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। इससे गंगा नदी से सटे गांवों के लोग डरे-सहमे हुए हैं। जल संसाधन विभाग के मुताबिक प्रदेश की सभी नदियों में जलस्तर बढ़ा हुआ है।

आईएएनएस
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment