बिहार के पटना में जेपी नड्डा का मेगा रोड शो में उमड़ी भीड़, 'जय श्रीराम' से गूंजी राजधानी

Last Updated 30 Jul 2022 02:50:48 PM IST

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सभी सात मोर्चो की संयुक्त कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने शनिवार को पहुंचे भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने पटना में मेगा रोड शो किया। इस रोड शो में भारी भीड़ को देखते हुए भाजपा उत्साहित दिखी।


पटना: नड्डा के रोड शो में उमड़ी भीड़, 'जय श्रीराम' से गूंजी राजधानी

के.पी. नड्डा का रोड शो पटना उच्च न्यायालय के पास भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास से प्रारंभ हुआ और गांधी मैदान स्थित जे पी गोलंबर पहुंचा।

इस दौरान नड्डा और बिहार प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल एक वाहन पर खड़े थे और सड़क किनारे खड़े लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। रोड शो में जुटी भीड़ जय श्रीराम के नारे के साथ आगे बढ़ती रही।

नड्डा के स्वागत के लिए कई जगहों पर स्टेज और स्वागत द्वार लगाए गए। लोगों की ओर से पुष्पवर्षा की गई। रोड शो में जेपी नड्डा के साथ प्रदेशाध्यक्ष संजय जायसवाल, पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद भी थे।

इससे पहले नड्डा के पटना एयरपोर्ट पर उतरने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से निकलने के बाद भाजयुमो के हजारों कार्यकर्ता मोटरसाइकिल पर सवार होकर जेपी नड्डा के काफिले के साथ चलने लगे।

भाजयुमो के प्रवक्ता सीमांत शेखर ने कहा कि पटना में ऐसा रोड शो अभूतपूर्व है। इस रोड शो में पटना और कई जिले के कार्यकर्ता शामिल हैं। भाजयुमो कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है।

भाजपा संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को बिहार में शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

आईएएनएस
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment