अरुण जेटली को बिहार से था विशेष लगाव : नीतीश

Last Updated 28 Dec 2019 03:39:41 PM IST

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. अरुण जेटली की जयंती के मौके उनकी आदमकद प्रतिमा का लोकार्पण किया और कहा कि जेटली का बिहार से विशेष लगाव था और यहां के लोगों के प्रति आदर का भाव था।


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. अरुण जेटली की जयंती के मौके उनकी आदमकद प्रतिमा का लोकार्पण किया

कुमार ने यहां जेटली की पत्नी संगीता जेटली एवं परिवार के अन्य सदस्यों की उपस्थिति में कंकड़बाग पार्क संख्या- 31 में पूर्व केन्द्रीय मंत्री जेटली की नवस्थापित आदमकद प्रतिमा का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा, ‘‘वह बिहार के रहनेवाले नहीं थे लेकिन उनका बिहार से विशेष लगाव था। बिहारियों के प्रति उनके मन में आदर का भाव था। उन्होंने बिहार के लिए जो सहयोग किया है, उसे हम नहीं भूल सकते।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि जेटली ने केन्द्रीय मंत्री के तौर पर बिहार के लिए कई विशेष कार्य किये हैं। बिहार एवं बिहारवासियों के प्रति उनका नजरिया हमेशा उदार रहा। उन्होंने कहा कि बिहार में लोकायुक्त के नये कानून बनाने में भी जेटली ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया था। वह उन्हें हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि जेटली की प्रतिमा का आज लोकार्पण किया गया है यह सभी बिहारियों का उनके प्रति सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जेटली ने केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण मांलयों की जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निवर्हन किया। वह एक उत्कृष्ट न्यायविद् भी थे। उन्होंने उच्च राजनीतिक मूल्यों एवं आर्दशों की बदौलत सार्वजनिक जीवन में उच्च शिखर को प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि वह राजनीतिक द्वंद्वों के बीच कुशल समाधानकर्ता के रूप में हमेशा याद किये जायेंगे।

कुमार ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) का कार्यान्वयन जेटली के कार्यकाल में हुआ। वह कठिन मामलों पर पक्ष-विपक्ष सभी लोगों से विमर्श करने के बाद हल निकालने के कारण भारतीय राजनीति में हमेशा याद रखे जायेंगे। उन्होंने अपने व्यक्तित्व की बदौलत राजनीतिक सीमाओं के परे सभी विचारधारा के राजनीतिक दलों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। उन्होंने जो प्रेरणा दी है उससे सदैव उनके प्रति मन में श्रद्धा बनी रहेगी।

 मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जेटली से मेरा निजी संबंध था। यह संबंध पार्टी एवं दलगत राजनीति से ऊपर था। हमारी हमेशा मुलाकात होती रहती थी। मुलाकात के क्रम में देश एवं राज्य के विकास के विभिन्न मुद्दों पर गहन विमर्श होता था।’’

इस अवसर पर कुमार ने जेटली की पत्नी संगीता जेटली को जेटली की छोटी मूर्ति मोमेंटो के रूप में भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने श्रीमती जेटली एवं उनके परिवार के सदस्यों को जेटली की मूर्ति के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उनका आभार प्रकट किया।

पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संजय करोल भी परिवार सहित इस अवसर पर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने मुख्य न्यायाधीष संजय करोल को जेटली की छोटी मूर्ति मोमेंटो के रूप में भेंट की।

इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय झा, सांसद डॉ. सी. पी. ठाकुर, सांसद रमा देवी, विधायक अरुण कुमार सिन्हा, संजीव चौरसिया एवं नितिन नवीन, विधान पाषर्द संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, भवन निर्माण विभाग के प्रधान सचिव चंचल कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पटना के जिलाधिकारी कुमार रवि, जेटली के पुत्र रोहन जेटली, पुत्री सोनाली जेटली सहित परिवार के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

 

वार्ता
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment