लोग सस्ती लोकप्रियता के लिये मेरे खिलाफ देते हैं बयान : नीतीश

Last Updated 20 Sep 2019 03:22:59 PM IST

बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने विरोधियों के खिलाफ हमला बोलते हुए आज कहा के कुछ लोग केवल सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए उनके खिलाफ बयान देते रहते हैं।


सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह को लगातार तीसरी बार पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया

जदयू की यहां राज्य परिषद की हुई बैठक में सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह को लगातार तीसरी बार पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष  चुना गया। पार्टी के निर्वाचन पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार सिंह ने सांसद श्री सिंह को जदयू का प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने की घोषणा की और प्रमाण पत्र दिया।

श्री कुमार ने इसके बाद अपने संबोधन में बिना किसी का नाम लिए कहा, ‘‘कुछ लोगों की आदत बन गयी है कि वे सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए मेरे खिलाफ बयान देते रहते हैं लेकिन सच्चाई है कि उन्हें कुछ भी नहीं आता। मैं ऐसे बयानों पर कभी-कभी हंसता हूं। मुझे जरा भी बुरा नहीं लगता है।‘‘

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मौके पर फिर से सिंह को प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा कि सिंह एक बार फिर से पार्टी मजबूत करने में जुटेंगे। उन्होंने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य की 243 विधानसभा सीटों में से 200 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने का दावा किया।

उन्होंने कहा, "हम लोगों ने बिहार की जनता की सेवा की है। अगले चुनाव में हम लोग 200 से कहीं अधिक सीट लेकर आएंगे। किसी को कोई गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए।"

इधर, फिर से अध्यक्ष चुने जाने के बाद वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की राजनीति में जो वर्षों पूर्व पौधा लगाया था, उसने अब वृक्ष का रूप ले लिया है। उन्होंने कहा कि बिहार विकास के पथ पर आगे बढ़ चला है, परंतु अभी भी बहुत कुछ करना शेष है। सिंह ने कहा कि उनकी कोशिश होगी कि पार्टी को वर्तमान स्थिति से मजबूत करें।

उल्लेखनीय है कि सिंह ने गुरुवार को पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए नामांकन का पर्चा भरा था। नामांकन पत्र भरने की समयावधि समाप्त होने तक किसी अन्य के नामांकन पत्र नहीं दाखिल किए जाने के बाद सिंह के लगातार चौथी बार इस पद पर चुना जाना तय माना जा रहा था।

पार्टी के प्रमुख और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नजदीकी माने जाने वाले सिंह साल 2010 में पहली बार इस पद के लिए चुने गए थे।

 

आईएएनएस/वार्ता
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment