बिहार में पेंच फंसा, कर्नाटक में गठबंधन तय

Last Updated 14 Mar 2019 05:26:14 AM IST

बिहार में महागठबंधन को लेकर आज हुई बैठक बेनतीजा रही। राज्य की राजनीति में महागठबंधन को लेकर छोटे दलों की वजह से पेंच फंसा हुआ है।


बिहार में महागठबंधन को लेकर आज हुई बैठक बेनतीजा रही।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के आवास पर आज हुई बैठक में गठबंधन के नेताओं ने लगभग दो घंटे तक सीटों के बंटवारे को लेकर माथापच्ची की, लेकिन अंतिम निर्णय पर नहीं पहुंच पाए।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस को 11 सीटों पर मनाने की कोशिश हुई। कांग्रेस पार्टी राज्य में 12 से कम पर तैयार नहीं। 2014 के लोकसभा चुनाव में राजद के साथ गठबंधन में कांग्रेस पार्टी 12 सीटों पर लड़ी थी। उधर राजद भी 20 सीटों पर अड़ा हुआ है। सूत्रों के अनुसार गठबंधन को लेकर दिक्कत छोटे दलों जीतनराम मांझी की हम, मुकेश साइनी की वीआईपी और उपेन्द्र कुशवाहा तथा वामदलों को सीटों की संख्या को लेकर गतिरोध बना हुआ है। कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार संख्या के साथ ही साथ कौन कहां से लड़ेगा, यह तस्वीर भी अभी साफ होनी है।

बताया जाता है कि आज की बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि गठबंधन में वामदलों को भी शमिल किया जाए। पूर्व में राजद भाकपा माले को एक सीट देने को तैयार था, लेकिन और वामदलों को लेकर बात नहीं बन रही। माना जा रहा है कि अगले दो दिनों में महागठबंधन पर मुहर लग जाएगी। सूत्रों के अनुसार जो संभावना दिखाई दे रही है, उसमें कांग्रेस 11, राजद 18 से 19 और बाकी सीटें छोटे दलों को छोड़ दी जाएंगी। आज की बैठक में मोटे-मोटे तौर पर इस बात को लेकर चर्चा हुई कि मांझी को एक सीट, मुकेश साइनी को एक सीट और उपेन्द्र कुशवाहा को चार सीटें व भाकपा माले को एक सीट दी जाए। आज की बैठक में तेजस्वी यादव, जीतनराम मांझी, मुकेश साइनी, उपेन्द्र कुशवाहा, मदन मोहन झा आदि नेता मौजूद थे।
एक तरफ जहां बिहार में पेंच फंसा हुआ है, वहीं कर्नाटक में कांग्रेस और जनता दल (एस) के बीच गठबंधन पर मुहर लग गई है। राज्य में 20 सीटों पर कांग्रेस और आठ पर जदएस चुनाव लड़ेगी।

प्रतीक मिश्र/सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment