मप्र सरकार महिला हॉकी टीम को देगी एक करोड़

Last Updated 22 Jan 2010 12:53:24 PM IST


नयी दिल्ली। मध्य प्रदेश सरकार महिला हॉकी टीम की खिलाड़ियों के हित में आगे आई है। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश सरकार की तरफ से भारतीय महिला हॉकी टीम को एक करोड़ रुपए महीने की मदद मुहैया कराने की बात कही। दिल्ली में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खेल मंत्री एमएस गिल से मुलाकात की। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खेल में राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार की तरफ से भारतीय महिला हॉकी टीम को एक करोड़ रुपए महीने की मदद मुहैया कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने भोपाल में बन रहे महिला हॉकी स्टेडियम को सुविधाएं दिए जाने की बात भी कही। गौरतलब है कि वेतन और बकाया राशि के भुगतान के लिए राष्ट्रीय पुरुष हॉकी खिलाड़ियों के बाद अब महिला हॉकी टीम की खिलाड़ियों ने भी हॉकी इंडिया (एचआई) के खिलाफ मुहिम छेड़ दी है। खिलाड़ियों ने एचआई द्वारा प्रति व्यक्ति 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद की पेशकश को ठुकरा दिया है। उनका कहना है कि उन्हें तीन लाख रुपये से कम कीमत की कोई पेशकश मंजूर नहीं। मालूम हो कि राष्ट्रमंडल खेल सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्पर्धाओं की तैयारी के लिए साई के भोपाल स्थित केंद्र में महिला टीम का प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। इसमें 39 खिलाड़ी भाग ले रही हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने गुरुवार से हाथ पर काली पट्टी बांधकर अभ्यास करना आरंभ कर दिया। उनका कहना है कि यह सिलसिला तब तक जारी रहेगा जब तक कि उनका भुगतान नहीं कर दिया जाता।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment