पांचवें चरण का मतदान जारी, 4 बजे तक 50 फीसद वोटिंग

Last Updated 06 May 2019 09:37:32 AM IST

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में सात राज्यों की 51 सीटों पर आज पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर में हिंसा की छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है।

  • 11:37 : केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री जयंत सिन्हा ने झारखंड में वोट डाला।
  • 10:50 : झारखंड में चार लोकसभा सीट रांची, खूंटी (सुरक्षित), हजारीबाग और कोडरमा चल रहे मतदान में आज पहले तीने घंटे में करीब 13.46 प्रतिशत वोट पड़े।
  • 10:43 : सारण में सोनपुर विधानसभा क्षेत्र की बूथ संख्या 131 पर एक मतदाता ने ईवीएम मशीन तोड़ दी, गिरफ्तार
  • 10:28 : उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर जारी मतदान में पहले दो घंटे में करीब 9.76 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला।
  • 10:10 : वहीं केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने जयपुर में वोट डाला। उनके साथ उनकी पत्नी गायत्री भी मतदान करने पहुंचीं।
  • 10:08 : पुलिस महानिदेशक ओमप्रकाश सिंह ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
  • 10:08 : बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी लखनऊ में वोट डाला।
  • 10:06 : गृह मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने गोमतीनगर में स्कॉलर्स होम स्कूल में आज सुबह 7.30 बजे वोट डाला।
  • 10:03 : मध्य प्रदेश में सात संसदीय क्षेत्रों में हो रहे मतदान में शुरुआती दो घंटों में औसतन 10 प्रतिशत मतदान हुआ।
  • 10:02 : जम्मू कश्मीर की अनंतनाग लोकसभा सीट के लिए चल रहे मतदान के बीच आतंकवादियों ने पुलवामा जिले में रोहमू मतदान केन्द्र को निशाना बना कर ग्रेनेड फेंका। धमाके में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
  • 10:01 : राजस्थान की 12 लोकसभा सीटों के लिए हो रहे मततदान में पहले दो घंटे में 13.55 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

अपराह्न चार बजे तक लगभग 50.67 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। चार बजे तक पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 62.88 फीसदी मतदान हुआ।

चुनाव आयोग के वोटर टर्नआउट एप के मुताबिक, अपराह्न चार बजे तक बिहार में अनुमानित 44.08 फीसदी, मध्य प्रदेश में 53.91 फीसदी, राजस्थान में 50.43 फीसदी, उत्तर प्रदेश में 44.89 फीसदी, झारखंड में 58.63 फीसदी और जम्मू एवं कश्मीर में 15.34 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

पश्चिम बंगाल में छिटपुट हिंसा और जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में दो स्थानों पर विस्फोट को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है।

पश्चिम बंगाल के बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कथित हमले में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अर्जुन सिंह को चोटें आयीं है। चुनाव आयोग ने इस हिंसा को लेकर प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है।

बिहार के सारण संसदीय क्षेत्र एक युवक ने बूथ संख्या 121 पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) तोड़ दी। वहीं जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग लोकसभा क्षेत्र के पुलवामा में वोटिंग शुरू होने के कुछ देर बाद ही दो मतदान केंद्रों के पास विस्फोट हुआ जिनमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

पश्चिम बंगाल में श्रीरामपुर लोकसभा क्षेक्ष में कई मतदान केन्द्रों पर ईवीएम में गड़बड़ी की रिपोर्ट है।

उत्तर प्रदेश की 14, राजस्थान की 12, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश की सात-सात, बिहार की पांच, झारखंड की चार और जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग और लद्दाख सीटों के लिए मतदान हो रहा है। सुरक्षा कारणों से अनंतनाग सीट पर तीन चरणों में मतदान कराया जा रहा है। 

इन दिग्गजों के भाग्य का होगा फैसला

इस चरण के मतदान के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन प्रमुख सोनिया गांधी, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी और कई दिग्गज नेताओं का भाग्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में लॉक हो जायेगा।

मतदाता शाम पांच बजे तक मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े और व्यापक इंतजाम किए हैं।

पश्चिम बंगाल में इस चरण में सभी मतदान केंद्रों पर राज्य पुलिस के बजाय केंद्रीय बलों की तैनाती की गयी है। इस चरण में 674 उम्मीदवार चुनावी समर में हैं।

पांचवे चरण में कुल आठ करोड़ 75 लाख 88 हजार 722 मतदाता वोट डाल सकेंगे। इनमें चार करोड़ 63 लाख तीन हजार 342 पुरुष, चार करोड़ 12 लाख 83 हजार 166 महिला और 2,214 किन्नर मतदाता हैं। मतदान के लिए 96 हजार 88 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। इस चरण की समाप्ति के साथ ही लोकसभा की 425 सीटों के लिए मतदान संपन्न हो जायेगा और शेष 118 सीटों के लिए दो चरणों में 12 और 19 मई को वोट डाले जायेंगे।       

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से मैदान में हैं, जहां उनका मुकाबला केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार स्मृति ईरानी से है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ सीट से फिर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए नेता और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में सिंह से मुकाबले में है। रायबरेली सीट से सोनिया गांधी एक बार फिर अपनी चुनावी किस्मत आजमा रही हैं। उनके खिलाफ भाजपा की ओर से दिनेश प्रताप सिंह चुनाव मैदान में उतरे हैं।

पांचवें चरण में जिन अन्य प्रमुख नेताओं का भाज्ञ दांव पर लगा है, उनमें जयपुर ग्रामीण से केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ (भाजपा) और पूर्व ओलंपियन कृष्णा पुनिया, केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा (हजारीबाग), अर्जुन राम मेघवाल (बीकानेर), झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा (खूंटी), पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी(सारण) और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश त्रिवेदी (बैरकपुर) शामिल हैं।

वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment