सोमवार को होगा लोकसभा के 5वें चरण का मतदान, कई दिग्गजों की किस्मत का होगा फैसला

Last Updated 06 May 2019 01:42:27 AM IST

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में सात राज्यों की 51 सीटों पर सोमवार को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और स्मृति ईरानी समेत कई दिग्गज नेता चुनाव मैदान में हैं।


लोकसभा के 5वें चरण का मतदान आज

इस चरण में आठ करोड़ 75 लाख 88 हजार 722 मतदाता 674 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें चार करोड़ 63 लाख तीन हजार 342 पुरुष, चार करोड़ 12 लाख 83 हजार 166 महिला और 2,214 किन्नर मतदाता हैं। उनके लिए 96 हजार 88 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

सोमवार को पांचवें चरण के साथ ही लोकसभा की 425 सीटों के लिए मतदान हो जाएगा। अगले दो चरणों में 118 सीटों के लिए मतदान शेष रह जाएगा। इस तरह 17वीं लोकसभा चुनाव का तीन चौथाई से  अधिक सफर पूरा हो जायेगा। पांचवें चरण के 674 उम्मीदवारों में कई दिग्गज हैं। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से मैदान में हैं। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी से उनका सीधा मुकाबला है।

उत्तर प्रदेश की लखनऊ सीट से गृह मंत्री राजनाथ सिंह अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं। यहां सपा से पूनम सिन्हा चुनाव मैदान में हैं, जो भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए नेता एवं अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी हैं। उत्तर प्रदेश की ही चर्चित रायबरेली सीट से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी एक बार फिर अपनी चुनावी किस्मत आजमा रही हैं। उनके खिलाफ भाजपा ने दिनेश प्रताप सिंह को टिकट दिया है।

पांचवें चरण में केंद्रीय मंत्री राजवर्धन सिंह राठौड़ भाजपा के टिकट पर और चक्का फेंक में 2010 राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता एवं पूर्व ओलंपियन कृष्णा पुनिया जयपुर ग्रामीण से अपनी चुनावी किस्मत आजमा रही है।  पुनिया इस समय राजस्थान की सादुलपुर सीट से विधायक हैं। केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा झारखंड की हजारीबाग सीट से और अर्जुन राम मेघवाल  राजस्थान की बीकानेर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा राज्य की खूंटी सीट से, पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी बिहार की सारण सीट से और मौजूदा सांसद प्रह्लाद पटेल मध्य प्रदेश की दामोह सीट से भाजपा के टिकट पर खड़े हैं। पश्चिम बंगाल की बैरकपुर सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश त्रिवेदी और श्रीरामपुर सीट से  कल्याण बनर्जी तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर मैदान में हैं।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment