जया प्रदा के खिलाफ आजम खान के विवादित बोल: सुषमा बोलीं, भीष्म जैसी गलती न करें मुलायम

Last Updated 15 Apr 2019 10:09:52 AM IST

अक्सर अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान रामपुर से भाजपा प्रत्याशी जया प्रदा पर विवादित टिप्पणी करके चौतरफा घिर गए हैं।


सुषमा स्वराज, मुलायम सिंह यादव, आजम खान (फाइल फोटो)

आजम खान के विवादित बयान पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव से कहा है कि रामपुर में द्रौपदी का चीर हरण हो रहा है और वह भीष्म पितामह की तरह मौन साधने की गलती ना करें।

सुषमा स्वराज ने अपने ट्वीट में लिखा है, "मुलायम भाई- आप पितामह हैं समाजवादी पार्टी के। आपके सामने रामपुर में द्रौपदी का चीर हरण हो रहा है। आप भीष्म की तरह मौन साधने की गलती मत करिए।"

उन्होंने अपने ट्वीट में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को टैग किया है और जया भादुड़ी और डिंपल यादव का भी नाम लिखा है।

वहीं महिला आयोग मामले में संज्ञान लेते हुए आजम को कारण बताओ नोटिस भेजने की तैयारी में है।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने खान की टिप्पणी को बेहद शर्मनाक करार दिया और कहा कि महिला आयोग उन्हें एक कारण बताओ नोटिस भेज रहा है।

खान की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये शर्मा ने ट्वीट किया कि एनसीडब्ल्यू चुनाव आयोग से यह भी अनुरोध करेगा कि उन्हें चुनाव लड़ने से रोक दिया जाए।    

शर्मा ने यह प्रतिक्रिया एक अन्य व्यक्ति के ट्वीट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दी, जिसने सपा नेता का कथित वीडियो ट्वीट किया था। खान का अपमानजनक टिप्पणी वाला वीडियो कई सोशल मीडिया साइटों पर साझा किया जा रहा है।

वीडियो के मुताबिक रामपुर में एक चुनावी सभा में खान ने कहा, "रामपुर वालों, उत्तर प्रदेश वालों, हिंदुस्तान वालों! उसकी असलियत समझने में आपको 17 बरस लग गए। मैं 17 दिन में पहचान गया कि इनके नीचे का जो अंडरवियर है वह भी खाकी रंग का है। मैं 17 दिन में पहचान गया, आपको पहचानने में 17 बरस लगे, 17 बरस।"       

आजम खान ने इस वीडियो में जयाप्रदा का नाम नहीं लिया है लेकिन भाजपा इसे जया के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के रूप में पेश कर रही है।           

हालांकि, आजम खान ने अपनी सफाई में कहा है कि उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया है।

आजम ने कहा कि उन्होंने बयान में किसी का नाम नहीं लिया है, अगर वह दोषी साबित होंगे तो चुनाव नहीं लड़ेंगे।

समयलाइव डेस्क/भाषा
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment