बिहार में NDA उम्मीदवारों का ऐलान, शत्रुघ्न सिन्हा का टिकट कटा

Last Updated 23 Mar 2019 11:54:39 AM IST

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने आज बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से 39 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।


रविशंकर प्रसाद, शत्रुघ्न सिन्हा (फाइल फोटो)

वहीं भाजपा ने इस बार शत्रुघ्न सिन्हा को टिकट न देकर उसकी सीट पटना साहिब से केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है। वहीं गिरिराज सिंह बेगूसराय से चुनाव लड़ेंगे।

पटना में एनडीए के संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा करते हुए भाजपा के भूपेंद्र यादव ने कहा कि एनडीए मजबूती से यह चुनाव लड़ेगी और सभी 40 सीटों पर जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी।

उन्होंने कहा कि पूर्वी चंपारण लोकसभा क्षेत्र से एक बार फिर राधा मोहन सिंह (भाजपा) को उम्मीदवार बनाया गया है, पाटलिपुत्र से केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव प्रत्याशी होंगे।

आरके सिंह को आरा से, अश्विनी चौबे को बक्सर, राजीव प्रताप रूडी को सारण से चुनाव मैदान में उतारा गया है।

एनडीए ने हाजीपुर से केंद्रीय मंत्री रामविलास पासावन के भाई और लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस को उम्मीदवार बनाया है। लोजपा के चिराग पासवान जमुई से चुनाव मैदान में हैं। नवादा सीट से लोजपा के चंदन कुमार को टिकट दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से भाजपा और जद (यू) 17- 17 तथा लोजपा छह सीटों पर उम्मीदवार उतारने की घोषणा पहले ही कर चुकी थी।

बिहार में कुल 40 लोकसभा सीटों पर सात चरणों में चुनाव होंगे। बिहार में 11 अप्रैल, 18 अप्रैल, 23 अप्रैल, 29 अप्रैल, छह मई, 12 मई और 19 मई को मतदान होंगे।

23 मई को मतगणना होगी।

 

 

समयलाइव डेस्क/आईएएनएस
नयी दिल्ली/पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment