PM Modi Pilibhit Rally: पीलीभीत की रैली में बोले PM मोदी- आज पूरी दुनिया में बज रहा भारत का डंका

Last Updated 09 Apr 2024 12:46:48 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पीलीभीत में भाजपा उम्मीदवार जितिन प्रसाद के पक्ष में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। यह आपके वोट की ताकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पीलीभीत में भाजपा उम्मीदवार जितिन प्रसाद के पक्ष में एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान उन्होंने कहा कि आपके वोट से मजबूत सरकार बनी है। भाजपा सरकार ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत किसी से कम नहीं है। जब नीयत सही होती है, हौसले बुलंद होते हैं तो नतीजे भी सही मिलते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम लोग विकसित भारत के संकल्प पर काम कर रहे हैं। भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई आर्थिक ताकत बना है। हमारे चंद्रयान ने चांद पर तिरंगा फहराया। भारत में आयोजित जी-20 की पूरी दुनिया में प्रशंसा हुई है। सारी दुनिया की मुश्किलों के बीच भारत आज दिखा रहा है कि उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है।

पीएम मोदी ने कहा कि कभी कांग्रेस सरकार दुनिया से मदद मांगती थीं, लेकिन कोरोना के महासंकट में भारत ने पूरी दुनिया में दवाइयां और वैक्सीन भेजी।

पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया में कहीं भी युद्ध का संकट आया, हम एक-एक भारतीय को सुरक्षित वापस लाए। अफगानिस्तान से गुरु ग्रंथ साहिब के ग्रंथों को पूरी श्रद्धा से भारत लाए और ये सब आपके एक वोट की ताकत से हुआ है।

उन्होंने कहा कि जब नीयत सही होती है, हौसले बुलंद होते हैं, तो नतीजे भी सही मिलते हैं। आज हम चारों तरफ विकसित भारत का निर्माण होते हुए देख रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश के विभिन्न हिस्सों में नववर्ष मनाया जा रहा है। आज विक्रम संवत 2081 का पहला दिन है। मैं समस्त देशवासियों को उगाडी, गुड़ी-पड़वा, चेती-चांद, नवरेह और साजिबु-चेरोबा की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। आज से चैत्र नवरात्रि भी शुरू हो गई है। देशभर में शक्ति उपासना की धूम मची है। हर कोई भक्ति में डूबा हुआ है, शक्ति उपासना में जुटा हुआ है। कुछ ही दिन में बैसाखी भी आने वाली है, मैं आपको बैसाखी की भी शुभकामनाएं देता हूं।

इंडिया गठबंधन को राम मंदिर से पहले भी नफरत थी, आज भी है : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन ने प्रभु राम का अपमान किया है। उन्हें राम मंदिर से नफरत है। इसी कारण उन्होंने प्राण प्रतिष्ठा का आमंत्रण ठुकरा दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पीलीभीत में भाजपा के प्रत्याशी जितिन प्रसाद के पक्ष में एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

इस मौके पर विपक्षी गठबंधन पर पीएम मोदी जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर न बने, इसके लिए कांग्रेस ने लाख कोशिश की, लेकिन जब देश की जनता ने पाई-पाई देकर इतना भव्य मंदिर बना दिया और जब मंदिर वालों ने आपके सारे गुनाह माफ कर प्राण प्रतिष्ठा में आमंत्रित किया, लेकिन आपने (कांग्रेस) आमंत्रण को ठुकरा कर भगवान राम का अपमान किया और जो नेता प्राण प्रतिष्ठा में गए, उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निकाल दिया।

उन्होंने कहा कि हमारे कल्याण सिंह जी ने राम मंदिर के लिए अपना जीवन और सरकार समर्पित कर दी। देश के हर परिवार ने अपनी-अपनी श्रद्धा के अनुसार योगदान दिया। लेकिन इंडी गठबंधन वालों को राम मंदिर के निर्माण से पहले भी नफरत थी और आज भी नफरत है।

पीएम मोदी ने कहा कि पीलीभीत की धरती पर माता यशवंतरी देवी का आशीर्वाद है। यहां आदि गंगा मां गोमती का उद्गम स्थल है। आज नवरात्रि के पहले दिन मैं देश को ये भी याद दिला रहा हूं कि कैसे इंडी गठबंधन ने शक्ति को खत्म करने की सौगंध खाई है। आज देश में जिस शक्ति की पूजा हो रही है, उस शक्ति का कांग्रेस ने घोर अपमान किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र मुस्लिम लीग का घोषणापत्र लग रहा है। सपा और कांग्रेस सीएए का विरोध कर रही है। विपक्षी गठबंधन भारत को बांटने की साजिश में जुटा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस शक्ति के आगे हम शीश झुकाते हैं, उस शक्ति को उखाड़ फेंकने की बात ये कांग्रेस के नेता कर रहे हैं।

पीम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके इंडी गठबंधन को देश की महान विभूतियों का अपमान करने में भी संकोच नहीं होता। कांग्रेस के या समाजवादी पार्टी के बड़े नेता आज तक कभी स्टैच्यू आफ यूनिटी नहीं गए। ये लोग विदेश घूम आते हैं, लेकिन अपने ही देश में सरदार पटेल की प्रतिमा का दर्शन नहीं करते।

उन्होंने कहा कि यह पूरा क्षेत्र खेती किसानी के लिए भी जाना जाता है। 10 वर्ष पहले किसानों की क्या हालत थी, यूरिया की कालाबाजारी होती थी, किसानों पर लाठीचार्ज होता था। आज यूरिया पर्याप्त मात्रा में मिल रही है। यूरिया की बोरी पहले तीन हजार रुपये में मिलती थी, लेकिन हमारी सरकार तीन सौ रुपये से कम में दे रही है। किसानों को सम्मान निधि मिल रही है। किसानों के बैंक खातों में 70 करोड़ हजार रुपये मोदी सरकार ने पहुंचाया है। 850 करोड़ रुपये पीलीभीत के किसानों के बैंक खातों में पहुंचे हैं।

पीएम ने कहा कि कांग्रेस और सपा के राज में गन्ना किसानों को कैसे अपने ही पैसे के लिए तरसाया जाता था। यह आपसे अच्छा कौन जानता है। भाजपा सरकार ने गन्ना किसानों की परेशानी को कम करने के लिए पूरी ताकत से काम किया है। कई चीनी मिलें खुली हैं, कई का विस्तार हुआ है और ये काम लगातार जारी है।

आईएएनएस
पीलीभीत


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment