जगदीप धनखड़ का इस्तीफा मंजूर, राष्ट्रपति से मिले हरिवंश
केंद्र सरकार ने मंगलवार को उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे को अधिसूचित कर दिया।
![]() |
एक दिन पहले धनखड़ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए तत्काल प्रभाव से पद छोड़ने की जानकारी दी थी।
केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन द्वारा हस्ताक्षरित एक राजपत्र अधिसूचना में गृह मंत्रालय ने धनखड़ के इस्तीफे के पत्र को सार्वजनिक किया, जिसे उन्होंने सोमवार शाम जारी किया था। अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘भारत के उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ का इस्तीफा प्रकाशित किया जाता है।
दूसरी ओर, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
यह मुलाकात उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के पदेन सभापति जगदीप धनखड़ द्वारा मुर्मू को अपना इस्तीफा सौंपने के एक दिन बाद हुई है।
राष्ट्रपति भवन ने बैठक की एक तस्वीर भी ‘एक्स’ पर साझा की। इसमें कहा गया है, राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
धनखड़ (74) ने अगस्त 2022 में पदभार ग्रहण किया था और उनका कार्यकाल अगस्त 2027 तक था।
धनखड़ ने संसद के मानसून सत्र के पहले दिन अचानक इस्तीफा दे दिया। हरिवंश ने मंगलवार को राज्यसभा में सुबह के सत्र की कार्यवाही का संचालन किया।
| Tweet![]() |