Israel-Iran War: ईरान में फंसे भारतीय छात्रों की वापसी शुरू, 110 स्टूडेंट आर्मेनिया सीमा पर पहुंचे
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि इजराइल और ईरान के मध्य बढ़ते तनाव के बीच तेहरान में मौजूद भारतीय छात्रों को सुरक्षा कारणों से बाहर निकाल लिया गया है और उनमें से 110 लोग सीमा पार कर आर्मेनिया में प्रवेश कर गए हैं। इसकी पूरी व्यवस्था दूतावास ने की।
![]() |
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारतीय दूतावास सभी संभव सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से समुदाय के साथ निरंतर संपर्क में है।
बयान में कहा गया है, ‘‘ तेहरान में भारतीय छात्रों को सुरक्षा कारणों से बाहर निकाल लिया गया है। इसकी व्यवस्था दूतावास ने की।’’
इसमें कहा गया कि परिवहन के हिसाब से जो लोग स्वयं इंतजाम कर सकते हैं उन्हें भी हालात को देखते हुए शहर से बाहर चले जाने की सलाह दी गई है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इसके अलावा, कुछ भारतीयों को आर्मेनिया की सीमा के माध्यम से ईरान छोड़ने में मदद की गई है।
मंत्रालय ने कहा कि अस्थिर स्थिति को देखते हुए आगे भी परामर्श जारी किए जा सकते हैं।
जम्मू कश्मीर छात्र संघ के अनुसार, उर्मिया मेडिकल यूनिवर्सिटी के 110 भारतीय छात्र जिनमें से 90 कश्मीर घाटी के हैं, सुरक्षित रूप से सीमा पार कर आर्मेनिया पहुंच गए हैं।
तेहरान में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, भारतीय मिशन ने सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों (पीआईओ) को यह सलाह भी दी है कि जो अपने स्वयं के संसाधनों से तेहरान से बाहर जा सकते हैं, वे शहर के बाहर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
एक अन्य बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान और इजराइल में जारी घटनाक्रम के मद्देनजर मंत्रालय में सातों दिन 24 घंटे संचालित होने वाला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
नियंत्रण कक्ष में इन नंबर पर संपर्क करें: +989010144557; +989128109115; +989128109109’’।
इसके अतिरिक्त ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने आपातकालीन हेल्पलाइन स्थापित की है, विदेश मंत्रालय ने संपर्क विवरण भी साझा किया है।
इसमें कहा गया है, ‘‘केवल कॉल के लिए: +98 9128109115, +98 9128109109; व्हाट्सएप के लिए: +98 901044557, +98 9015993320, +91 8086871709, बंदर अब्बास: +98 9177699036, जाहेदान: +98 9396356649 ।’’
इजराइल ने शुक्रवार की सुबह ईरान पर हमला कर दिया था और उसके परमाणु, मिसाइल और सैन्य ढांचे को निशाना बनाया। बाद में ईरान ने इजराइल पर जवाबी हमला किया।
इससे पहले, ईरान में सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के व्यक्तियों से सतर्कता बरतने, सभी अनावश्यक गतिविधियों से बचने, दूतावास के सोशल मीडिया खातों का अनुसरण करने और स्थानीय अधिकारियों के परामर्श के अनुसार सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने का अनुरोध किया गया था।
| Tweet![]() |