राहुल गांधी नहीं छोड़ेंगे रायबरेली वायनाड से लड़ सकती हैं प्रियंका

Last Updated 10 Jun 2024 11:13:03 AM IST

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रायबरेली सीट से सांसद रहेंगे और वह केरल की वायनाड सीट से इस्तीफा देंगे। वायनाड सीट से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा चुनाव लड़ सकती हैं।


राहुल गांधी नहीं छोड़ेंगे रायबरेली वायनाड से लड़ सकती हैं प्रियंका

पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार गांधी परिवार ने यह तय किया है कि राहुल गांधी को रायबरेली सीट नहीं छोड़नी चाहिए। बताया जाता है कि पिछले दिनों अमेठी से चुने गए गांधी परिवार के बेहद विसनीय किशोरीलाल शर्मा से सोनिया गांधी ने इस मामले में उनकी राय ली तो उन्होने कहा कि राहुल को रायबरेली नहीं छोड़नी चाहिए।

इससे पूर्व उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने भी एक प्रस्ताव पारित कर अनुरोध किया था कि राहुल गांधी रायबरेली सीट को न छोड़े।

बताया जाता है कि इस मुद्दे को राहुल गांधी ने परिवार पर छोड़ दिया था और परिवार के सदस्य सोनिया गांधी से लेकर प्रियंका ने अपना फैसला रायबरेली के पक्ष में सुनाया है। सोनिया गांधी ने राहुल से कहा कि यह सीट उनके परिवार की है, इसे छोड़ने का गलत संदेश जाएगा।

पार्टी के ज्यादातर वरिष्ठ नेताओं की सलाह भी यही थी कि हमेशा से गांधी परिवार का प्रतिनिधित्व उत्तर प्रदेश से रहा है। सोनिया गांधी के राज्यसभा चले जाने के बाद यदि राहुल रायबरेली सीट छोड़ देंगे तो राजनीतिक रूप से मैसेज सही नहीं जाएगा। इसके बाद राहुल गांधी का कन्फ्यूजन दूर हो गया और तय किया गया है कि वह वायनाड सीट छोड़ देंगे।

सूत्रों का दावा है कि यहां से प्रियंका गांधी वाड्रा उनकी जगह पार्टी की उम्मीदवार होंगी। इतना ही नहीं एक बार फिर से उत्तर प्रदेश काग्रेस में जान फूंकने की जिम्मेदारी प्रियंका गांधी को दी जा सकती है। सूत्रों के अनुसार लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में जिस तरह पार्टी ने छह सीटों पर जीत दर्ज की और कई सीटों पर नजदीकी मुकाबले हारी, उससे उत्साहित कांग्रेस नेतृत्व अब राज्य में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए बड़ी तैयारी में हैं।

लोकभसा चुनाव में पार्टी को मिले जनसमर्थन से पार्टी के रणनीतिकार खुश हैं, क्योकि पार्टी को वोट शेयर भी काफी बढ़ा है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व को आने वाले दिनों में राज्य में बड़ी उम्मीद नजर आ रही है।

राज्य में जिस तरह से उसका परंपरागत वोट बैंक दलित और अल्पसंख्यक पार्टी की ओर लौटा है। उसके बाद यह तय किया गया कि राज्य में पार्टी के सांगठनिक ढांचे को मजूबत किया जाए। वायनाड से गांधी परिवार का प्रतिनिधित्व बने रहने से पार्टी उत्तर और दक्षिण दोनों किले को संभाले रहेगी।

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment