Happy New Year 2024: राष्ट्रपति मुर्मू, उपराष्ट्रपति धनखड़, PM मोदी सहित कई नेताओं ने दी नए साल की शुभकामनाएं

Last Updated 01 Jan 2024 11:25:18 AM IST

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नए साल के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के लिए समृद्धि, शांति और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर पोस्ट कहा, "सभी को शानदार 2024 की शुभकामनाएं ! यह वर्ष सभी के लिए समृद्धि, शांति और अच्छा स्वास्थ्य लेकर आए। "



राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सभी को नए वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा, "सभी को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं ! वर्ष 2024 सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि लाए। आइए हम समावेशी और सतत विकास में योगदान देने की नई प्रतिबद्धता के साथ नए साल का स्वागत करें। "


उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा,"प्रत्येक भारतीय को नव वर्ष 2024 की शुभकामनाएं ! नया साल हर किसी के लिए शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए। आइए हम भारत की संपूर्ण प्रगति और समृद्धि में योगदान देने के लिए दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ नववर्ष की शुरुआत करें। "


लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नए साल की शुभकामनाएं देते हुए कहा, " आप सभी को नववर्ष 2024 की हार्दिक शुभकामनाएं। यह नया वर्ष आपके और आपके प्रियजनों के जीवन में नई खुशियां लेकर आए, आपके सभी संकल्प पूरे हों। नए वर्ष में आपका जीवन नई खुशियों और उपलब्धियों से परिपूर्ण रहे। ईश्वर की कृपा से आपका जीवन और अधिक सुखमय और समृद्ध बने। "

 

सीएम योगी ने नए साल के पहले दिन की शुरुआत प्रभु श्रीराम के द्वारा भी पूजित देवाधिदेव महादेव के अभिषेक (रुद्राभिषेक) और हवन अनुष्ठान के साथ की। इस दौरान उन्होंने भगवान भोलेनाथ से समस्त नागरिकों के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति की प्रार्थना की। गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान नववर्ष के प्रथम दिन, सोमवार को प्रातःकाल मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने मंदिर के अपने आवास के प्रथम तल स्थित शक्तिपीठ में विधिविधान से रुद्राभिषेक किया।

 

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को सभी लोगों और देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले बहादुर सैनिकों को नए साल 2024 की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रार्थना की कि नया साल सभी के जीवन में समृद्धि और खुशहाली लेकर आये।

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला और मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने सोमवार को लोगों को नए साल-2024 की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने आशा व्यक्त की, कि नया साल लोगों के जीवन में अच्छा स्वास्थ्य और खुशियां लाएगा और हिमाचल प्रदेश सभी क्षेत्रों में और अधिक प्रगति करेगा।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment