बजरंगी भाईजान फ़िल्म हुई थी हिट, क्या हिट होगा" बीजेपी का "शुक्रिया मोदी भाईजान" अभियान ?

Last Updated 31 Dec 2023 01:07:52 PM IST

बजरंगी भाईजान फ़िल्म शायद बहुतों ने देखी होगी। उस फिल्म के रिलीज होने के पहले बहुतों ने सलमान खान को लेकर कुछ गलत अवधारणाएं बना ली थीं, लेकिन जब फ़िल्म सिल्वर स्क्रीन पर रिलीज हुई और लोगों ने देखी थी, तब अचानक ही सलमान खान के प्रति लोगों का प्रेम उमड़ पड़ा था।


P M Modi With Muslim Women

शायद उसी फ़िल्म से प्रेरणा लेते हुए अब बीजेपी ने शुक्रिया मोदी भाईजान अभियान चलाने की योजना  बना ली है। 2024 लोकसभा चुनाव में मुस्लिम महिला मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने के लिए यह अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के सभी लोकसभा क्षेत्रों में 'शुक्रिया मोदी भाईजान' अभियान चलाया जाएगा। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा हर लोकसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसमें कम से कम एक हजार महिलाएं शामिल होंगी।

मुस्लिम महिला मतदाताओं को जोड़ने के लिए इस योजना की टैगलाइन ‘ना दूरी है ना खाई है, मोदी हमारा भाई है’ रखी गई है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने इसकी कमान संभाल रखी है। बकौल बासित अली ‘शुक्रिया मोदी भाईजान’ कार्यक्रम में मुस्लिम महिलाओं को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के उनके लिए किए गए कार्यों के बारे में बताया जाएगा। यह भी बताया जाएगा कि उन्हें आखिर भाजपा को वोट क्यों देना चाहिए। सम्मेलनों के जरिए मुस्लिम महिलाओं को उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, हज का कोटा बढ़ाया जाना, मुस्लिम बच्चों को छात्रवृत्ति समेत समुदाय को लाभ पहुंचाने वाली कई योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। अभियान दो जनवरी से 20 जनवरी तक चलेगा।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मुस्लिम महिलाओं को मकान मिले हैं और मुस्लिमों को इस योजना का लाभ उनकी आबादी के प्रतिशत के मुकाबले ज्यादा है। प्रदेश में महिला सुरक्षा पहले से बेहतर हुई है और विभिन्न योजनाओं में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ी है। इस अभियान से निश्चित तौर पर विपक्षियों की नींदें उड़ेगीं। खासकर सपा के नेताओं की। क्योंकि सपा आमतौर से मुस्लिम वोटरों पर अपना अधिकार समझती है। ऐसे में अब उत्तर प्रदेश की जनता को तय करना है कि उन्होंने फ़िल्म बजरंगी भाईजान को जितना प्यार दिया था उतना ही प्यार और समर्थन शुक्रिया मोदी भाईजान अभियान को देना है कि नहीं।

 

 

शंकर जी विश्वकर्मा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment