कांग्रेस की तरफ से Priyanka Gandhi बन गईं PM उम्मीदवार!

Last Updated 12 Jun 2023 04:52:51 PM IST

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार से चुनावी रैली का आगाज कर दिया। मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा पूजन के बाद उन्होंने वहां एक बड़ी रैली को संबोधित किया। प्रियंका गांधी की गतिविधियों को देखने के बाद और उनकी दिन प्रतिदिन बढ़ती सक्रियता, यह बताने के लिए पर्याप्त है कि इस समय प्रियंका गांधी कांग्रेस की तरफ से सबसे बड़ी स्टार प्रचारक बन चुकी हैं।


कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी

ऐसे में सवाल यह पैदा हो रहा है कि प्रियंका गांधी की भूमिका सिर्फ स्टार प्रचारक तक ही सीमित है या पार्टी ने  इनको लेकर कुछ और ही फैसला कर लिया है। प्रियंका गांधी को लेकर कांग्रेस की योजना का खुलासा भले ना हो पा रहा हो लेकिन ऐसी संभावनाएं जताई जा रही हैं कि कांग्रेस 2024 लोकसभा के चुनाव में प्रियंका गांधी को बतौर प्रधानमंत्री उम्मीदवार पेश कर सकती है।

प्रियंका गांधी को लेकर ऐसी बातें यूं ही नहीं हो रही हैं। उसके पीछे की अच्छी-खासी वजह है। देश के लोगों को अच्छी तरह याद होगा कि हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी ने कितना जोर-शोर से प्रचार किया था। जबकि राहुल गांधी उस समय अपनी भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त थे। हालांकि कांग्रेस की तरफ से कई वरिष्ठ नेता भी वहां चुनाव प्रचार कर रहे थे, लेकिन सबसे अधिक भीड़ प्रियंका गांधी की रैलियों में देखी जाती थी। वहां पर कांग्रेस को बंपर जीत मिली थी। उसके कुछ महीने के बाद कर्नाटक में विधानसभा के चुनाव हुए, जहां प्रियंका गांधी ने जोर-शोर से प्रचार किया था। कर्नाटक में भी कांग्रेस की शानदार जीत हुई थी। हालांकि कर्नाटक में जीत का श्रेय वहां के स्थानीय नेताओं को भी जाता है।

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी अपने-अपने स्तर से मेहनत की थी, लेकिन प्रियंका गांधी की रैलियों में भी अच्छी खासी भीड़ देखने को मिलती थी। अंदर खाने कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं ने यह मान लिया है कि प्रियंका गांधी से बड़ा स्टार प्रचारक कांग्रेस में और दूसरा कोई नहीं है। प्रियंका के अलावा कांग्रेस में ऐसा कोई नेता नहीं है जिसकी रैली में इतनी भीड़ इकट्ठी हो सके। प्रियंका  गांधी की इसी प्रसिद्धि के चलते कांग्रेस के रणनीतिकारों ने उन्हें और बड़ी भूमिका देने का मन बना लिया है। कुछ दिन पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने भी प्रियंका गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की इच्छा जाहिर कर दी थी।

यही नहीं कांग्रेस के कुछ राज्यसभा सांसदों ने स्तीफा देने का मन बना लिया है ताकि प्रियंका गांधी राज्यसभा सदस्य बन सकें। क्यों कि कांग्रेस का एक धड़ा उन्हें लोकसभा का चुनाव लड़ाने के पक्ष में नहीं है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी मानते हैं कि प्रियंका गांधी के अलावा ऐसा कोई नेता नहीं है जिसके नाम पर सभी नेताओं की सहमति बन सके। हालांकि प्रधानमंत्री पद की दावेदारी में सबसे बड़ा नाम राहुल गांधी का था, लेकिन इस समय उनकी सांसदी चली गई है। उनके चुनाव लड़ने पर संशय बना हुआ है।

मानहानि के केस में उन पर बैन लग चुका है। वह लोकसभा का चुनाव लड़ पाएंगे या नहीं इसका फैसला तभी हो पाएगा जब कानूनी प्रक्रिया से वो बाहर आ पाएंगे। ऐसे में राहुल गांधी को भी अच्छी तरह पता है कि उन्हें क्या करना है। वो शायद पूरे देश में घूम घूमकर पार्टी को मजबूत करने की कोशिश करते रहेंगे।12 जून को जिस अंदाज में प्रियंका गांधी ने मध्यप्रदेश के जबलपुर में विजय शंखनाद रैली को संबोधित किया, उसे देखते हुए यह कयास लगाए जाने लगे हैं कि प्रियंका गांधी कांग्रेस  टीम की ओपनिंग बल्लेबाज बन चुकी हैं। ऐसे में कांग्रेस  की टीम 2024 लोकसभा चुनाव के लिए उनको अपना कैप्टन घोषित कर दे तो कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए।

शंकर जी विश्वकर्मा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment