गृह मंत्री अमित शाह ने किया ऐलान- जून 2024 तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे जेपी नड्डा
साल 2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का अध्यक्षीय कार्यकाल जून 2024 तक के लिए बढ़ा दिया गया है।
![]() |
भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जेपी नड्डा के अध्यक्षीय कार्यकाल को जून 2024 तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा जिसे कार्यकारिणी ने अपनी स्वीकृति दे दी।
शाह ने इस दौरान नड्डा के नेतृत्व की भी सराहना की और कहा कि उनकी अध्यक्षता में भाजपा को कई अहम चुनावों में जीत मिली।
शाह ने जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा को चुनावों में मिली जीत और सांगठनिक विस्तार के बारे में विस्तार से बताते हुए यह कहा कि भाजपा सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। उन्होंने आगे कहा कि महामारी के कारण सदस्यता अभियान नहीं हो पाया , संगठन का चुनाव नहीं हो पाया और इस वजह से आगामी चुनाव को देखते हुए कार्यकारिणी की बैठक में जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ाने का फैसला किया गया।
शाह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और जेपी नड्डा की अध्यक्षता में 2024 के लोक सभा चुनाव में भाजपा को 2019 से भी बड़ी जीत हासिल होगी।
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक राष्ट्रीय राजधानी स्थित नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद् (एनडीएमसी) के कन्वेंशन सेंटर में सोमवार को शुरु हुई थी। बैठक का आज दूसरा और आखिरी दिन है।
प्रधानमंत्री मंगलवार सुबह कार्यकारिणी स्थल पहुंचे। उनके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित पार्टी के करीब 350 वरिष्ठ नेता इस कार्यकारिणी में भाग ले रहे हैं। इनमें पार्टी शासित 12 राज्यों के मुख्यमंत्री व पांच उपमुख्यमंत्री तथा 35 केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं।
नड्डा का तीन साल का कार्यकाल इसी साल 20 जनवरी को समाप्त हो रहा था। इसके पहले वह जुलाई 2019 में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए थे। उसके बाद 20 जनवरी 2020 को उन्होंने पूर्णकालिक अध्यक्ष के तौर पर पार्टी की कमान संभाली थी।
भाजपा के संविधान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष को लगातार तीन साल के लिए दो कार्यकाल दिए जाने का प्रावधान है।
मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले नड्डा का जन्म बिहार की राजधानी पटना में दो दिसंबर 1960 को हुआ था।
| Tweet![]() |