सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अरुण गोयल ने चुनाव आयुक्त का पदभार संभाला, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की नियुक्ति
सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अरुण गोयल ने सोमवार को भारत के नए चुनाव आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाल लिया। चुनाव आयुक्त का तीसरा पद करीब छह महीने से खाली था।
![]() अरुण गोयल ने चुनाव आयुक्त का पदभार संभाला |
1985 बैच के पंजाब कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी गोयल को 19 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा इस पद पर नियुक्त किया गया था।
कानून और न्याय मंत्रालय द्वारा जारी एक आधिकारिक संदेश में कहा गया है, राष्ट्रपति ने 1985 बैच के पंजाब कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अरुण गोयल को चुनाव आयोग में चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त किया है।
गोयल 1985 बैच के पंजाब कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने 18 नवंबर को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी। हालांकि, उन्हें 60 वर्ष का होने के बाद 31 दिसंबर 2022 को सेवानिवृत्त होना था।
गोयल को शनिवार को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था। वह मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय के साथ निर्वाचन आयोग का हिस्सा होंगे।
मई 2022 में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) के रूप में सुशील चंद्रा की सेवानिवृत्ति के बाद निर्वाचन आयोग में एक पद खाली था।
गोयल इससे पहले भारी उद्योग सचिव के पद पर तैनात थे। उन्होंने संस्कृति मंत्रालय में भी सेवाएं दी हैं।
उनकी नियुक्ति ऐसे समय में की गई है, जब गुजरात में एक और पांच दिसंबर को दो चरणों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है।
आने वाले महीनों में नगालैंड, मेघालय, त्रिपुरा और कर्नाटक के लिए चुनाव कार्यक्रम तय करते समय निर्वाचन आयोग के पास उसके सभी तीन सदस्य होंगे।
| Tweet![]() |