Congress President: आज से नॉमिनेशन की प्रक्रिया शुरू, शशि थरूर के प्रतिनिधि ने लिया नामांकनपत्र

Last Updated 24 Sep 2022 01:37:31 PM IST

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया आरंभ होने के पहले दिन शनिवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने एक प्रतिनिधि के जरिये नामांकन पत्र मंगवाया और वह इसे जल्द दाखिल कर सकते हैं।


अब इसकी प्रबल संभावना नजर आ रही है कि अध्यक्ष पद के चुनाव में थरूर का मुकाबला राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से हो सकता है।

थरूर के प्रतिनिधि और ‘अखिल भारतीय प्रोफेशनल्स कांग्रेस’ के पदाधिकारी अलीम जावेरी ने कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री से नामांकन पत्र लिया।

कुछ दिनों पहले ही थरूर ने मिस्त्री से मिलकर नामांकन की पूरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी हासिल की थी। सूत्रों का कहना है कि थरूर जल्द ही नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं।

कांग्रेस नेता शशि थरूर और अशोक गहलोत का नाम इस चुनाव में सबसे आगे चल रहा है, जिनका चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है, वहीं कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव में कई सालों बाद ऐसा हो रहा है कि गांधी परिवार इस चुनाव में खड़ा नहीं हो रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अब तक जहां दो नाम सामने आ रहे रहे थे, वहीं दो अन्य कांग्रेस नेता भी नामांकन पत्र लेने पहुंचे हैं और दोनों का दावा है कि उनके पास 10 प्रस्तावक हैं।

इनमें पहला उत्तरप्रदेश के संभल से आए विनोद साथी हैं और दूसरे हिमाचल के मंडी से आए लक्ष्मीकांत शर्मा हैं, हालांकि इन्हें नामांकन पत्र अभी तक नहीं दिया गया है।

उधर, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को स्पष्ट रूप से कहा कि वह पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में उम्मीदवार होंगे और मुख्यमंत्री पद से उनके हटने की स्थिति में पार्टी नेतृत्व यह फैसला करेगा कि इस जिम्मेदारी को कौन संभालेगा।

गहलोत ने राहुल गांधी से मुलाकात के बाद यह घोषणा की थी। उनके अनुसार, राहुल गांधी ने उनसे दो टूक कहा है कि गांधी-नेहरू परिवार से कोई उम्मीदवार नहीं होगा।

दरअसल, अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 22 सितंबर को अधिसूचना जारी हो चुकी है। अब आज से पर्चा दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होगी जो 30 सितंबर तक चलेगी। यानी जो भी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ना चाहता है, वह पर्चा दाखिल कर सकता है। पार्टी के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री की अध्यक्षता वाला केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण इस मतदान की देखरेख करेगा।

नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर रखी गई है। वोटिंग 17 अक्टूबर को होगी, जबकि चुनाव परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। वोटिंग तभी होगी, जब दो उम्मीदवार चुनाव मैदान में होंगे। अगर एक मात्र प्रत्याशी होगा है तो उसे निर्विरोध चुन लिया जाएगा।

 

आईएएनएस/भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment