RSS और मोहन भागवत ने DP में लगाया तिरंगा, शेयर किया वीडियो; विपक्ष ने उठाए थे सवाल
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत और संघ के अन्य बड़े नेताओं के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट की डीपी को बदल कर तिरंगा लगा लिया है।
![]() |
साथ ही, आरएसएस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से 48 सेकंड का एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें संघ प्रमुख मोहन भागवत और संघ के अन्य प्रमुख नेता अलग-अलग अवसरों पर विभिन्न जगहों पर तिरंगा फहराते हुए नजर आ रहे हैं।
स्वाधीनता का अमृत महोत्सव मनाएँ.
— RSS (@RSSorg) August 13, 2022
हर घर तिरंगा फहराएँ.
राष्ट्रीय स्वाभिमान जगाएँ. pic.twitter.com/li2by2b0dK
माना जा रहा है कि अपनी डीपी को तिरंगे से बदल कर और यह वीडियो शेयर कर आरएसएस ने राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को जवाब देने की कोशिश की है, जो तिरंगे को लेकर संघ पर सवाल उठा रहे थे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'हर घर तिरंगा' अभियान के समर्थन में संघ प्रमुख मोहन भागवत और संघ के अन्य प्रमुख नेताओं की तिरंगा फहराते हुए वीडियो ट्वीट कर देशवासियों से हर घर पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय स्वाभिमान जगाने का आग्रह करते हुए ट्वीट कर कहा है, "स्वाधीनता का अमृत महोत्सव मनाएं। हर घर तिरंगा
फहराएं। राष्ट्रीय स्वाभिमान जगाएं।"
गौरतलब है कि देश की आजादी के 75वें सालगिरह के तहत ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो से 15 अगस्त के बीच लोगों से सोशल मीडिया पर प्रोफाइल तस्वीर में ‘तिरंगा’ लगाने की अपील की है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री की इस अपील को बड़ा मुद्दा बनाते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर सवाल उठाते हुए कहा था, 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाने वाले उस संगठन से निकले हैं, जिन्होंने ( आरएसएस) 52 सालों तक तिरंगा नहीं फहराया। राहुल गांधी ने कहा था कि आजादी की लड़ाई से, ये कांग्रेस पार्टी को तब भी नहीं रोक पाए और आज भी नहीं रोक पाएंगे।
आरएसएस, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का वैचारिक संगठन है। आरएसएस के राष्ट्रीय ध्वज पर रुख की कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों ने आलोचना की थी।
आरएसएस का संदर्भ देते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि जिस संगठन ने नागपुर स्थित अपने मुख्यालय में 52 साल तक तिरंगा नहीं फहराया, क्या वह प्रधानमंत्री के सोशल मीडिया पर प्रोफाइल तस्वीर में राष्ट्रीय ध्वज लगाने के संदेश का अनुपालन करेगा।
उल्लेखनीय है कि आरएसएस के प्रचार विभाग के सह प्रभारी नरेंद्र ठाकुर ने शुक्रवार को कहा था कि संघ अपने सभी कार्यालयों पर तिरंगा फहरा कर स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। उन्होंने कहा कि आएसएस कार्यकर्ता ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहे हैं।
केंद्र सरकार ने लोगों से 13 से 15 अगस्त के बीच अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की है। इससे पहले आरएसएस के प्रचार विभाग के प्रमुख सुनील अंबेकर ने कहा था कि ऐसी चीजों का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।
| Tweet![]() |