महंगाई, बेरोजगारी पर कांग्रेस का प्रदर्शन, हिरासत में राहुल, प्रियंका समेत कई दिग्गज

Last Updated 05 Aug 2022 12:40:13 PM IST

राष्ट्रीय राजधानी में संसद भवन और राष्ट्रपति भवन के बीच केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध मार्च निकालने के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कई कांग्रेस सांसदों को शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया।


कांग्रेस पार्टी महंगाई, बेरोजगारी और खाद्य पदार्थों पर लगी जीएसटी के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी को पुलिस ने सड़क से उठाकर हिरासत में ले लिया। इस पर उन्होंने पुलिस से कहा, मै यहां सरकार से समझौता करने नहीं बैठी हूं।

प्रियंका गांधी और राहुल गांधी दोनों ने शुक्रवार को यहां प्रदर्शन किया। इस दौरान राहुल गांधी ने संसद से तमाम सांसदों के साथ प्रदर्शन किया और उन्हें भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। कांग्रेस के मुताबिक, कुल 64 सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

प्रियंका गांधी जब सड़क पर महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रही थी तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की। इसी दौरान प्रियंका ने पुलिस से कहा, सरकार से समझौता करने नहीं बैठी हूं। महंगाई पर विरोध प्रदर्शन पर जनता की आवाज उठाना उनका हक है। महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करना हमारा हक है। सरकार के लोग कहते हैं कि उनको महंगाई नहीं दिखती। हम महंगाई दिखाने जाते हैं तो हमें रोका जाता है।

कांग्रेस के करीब 20 से ज्यादा कार्यकर्ता काले कपड़ों में पीएम आवास की तरफ जाने की कोशिश कर रहे थे जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अकबर रोड से इंदिरा गांधी मेमोरियल होते हुए पीएम आवास की तरफ जाने वाली सड़क पर ये कार्यकर्ता आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। यहां पहले से ही पुलिस बल मौजूद था और उन्होंने जैसे ही देखा कि कुछ कार्यकर्ता पीएम आवास रूट की तरफ बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पीएम आवास के बाहर भी प्रदर्शन करना था लेकिन दिल्ली पुलिस की कड़ी सुरक्षा के चलते कोई भी कार्यकर्ता पीएम आवास के सामने नहीं पहुंच पाया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हिरासत में लेने से पहले मीडियाकर्मियों से बात करते हुए दिल्ली पुलिस पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया।

गांधी ने कहा, "हम यहां महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों पर खड़े हैं। हम आगे बढ़ना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने हमें अनुमति नहीं दी।"

सांसदों के साथ बदसलूकी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "यह ठीक है। हमारा काम इन ताकतों का विरोध करना है, हमारा काम यह सुनिश्चित करना है कि भारतीय लोकतंत्र की रक्षा हो। हमारा काम महंगाई और बेरोजगारी जैसे लोगों के मुद्दों को उठाना है और हम वही कर रहे हैं।"

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी सांसदों के साथ संसद भवन के गेट नंबर एक से विजय चौक तक मार्च किया। इस मार्च के दौरान राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई सांसद काले कपड़े पहने नजर आए तो वहीं मार्च में सबसे आगे चल रहे महिला सांसदों ने सब्जियों की माला पहनकर महंगाई और जीएसटी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करवाया।

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी भी संसद भवन के गेट नंबर एक पर थोड़े समय के लिए इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई।

इसके अलावा कांग्रेस ने राज्यों में राजभवन घेराव कार्यक्रम का भी ऐलान किया है, तो वहीं जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में भी वो प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल को पत्र लिख कर जानकारी दी है कि जंतर मंतर को छोड़कर पूरी नई दिल्ली इलाके में 144 धारा लागू है, लिहाजा किसी तरह के प्रोटेस्ट की परमिशन नहीं दी जा सकती है। अगर 144 धारा का उलंघन हुआ तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment