200 करोड़ टीके लगाने का बनाया कीर्तिमान

Last Updated 18 Jul 2022 09:01:08 AM IST

भारत में राष्ट्रीय कोविड टीकाकरण अभियान के 548 वें दिन रविवार को 200 करोड़ कोविड टीके लगाने का कीर्तिमान स्थापित किया गया। चीन के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाला भारत दूसरा देश है।


200 करोड़ टीके लगाने का बनाया कीर्तिमान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 200 करोड़ कोविड-19 टीके लगाने की उपलब्धि पर कहा कि भारत ने एक बार फिर  इतिहास रचा है। उन्होंने कहा,  200 करोड़ टीके का आंकड़ा पार करने वाले भारतीयों को शुभकामनाएं। हमें उन सब पर गर्व है, जिन्होंने भारत के टीकाकरण अभियान को अभूतपूर्व और बहुत बड़े पैमाने पर तथा तेजी से चलाने में अपना योगदान दिया। यह कोविड-19 के विरुद्ध वैश्विक संघर्ष की ताकत है।
मोदी ने कहा कि पूरे टीकाकरण अभियान के दौरान भारत के लोगों ने विज्ञान पर उल्लेखनीय भरोसा जताया है। उन्होंने कहा, हमारे डॉक्टर, नर्स, अग्रिम पंक्ति के योद्धा,  वैज्ञानिक,  नवाचारक और उद्यमियों ने इस पृथ्वी को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं उन सब के समर्पण और भावना की सराहना करता हूं।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा यह दिन हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मात्र 18 महीनों में 200 करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करके भारत ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस उपलब्धि पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकानाएं। विदेश मंत्री एस जयशंकर, शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी तथा भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी है।
नीति आयोग के सदस्य -स्वास्थ्य डॉ. वीके पाल ने कहा है कि देश में बनी वैक्सीन ने 200 करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य पूरा कर किया है और यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा, यह हम सब के लिए गर्व का दिन है।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment