आर्मी चीफ नरवणे का चीन-पाक पर निशाना, कहा- अभी सिर्फ जंग का ट्रेलर, सुरक्षा चुनौतियों के लिए रहना होगा तैयार

Last Updated 03 Feb 2022 03:37:31 PM IST

सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने चीन और पाकिस्तान की ओर से पेश राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों पर गुरुवार को बड़ी बातें कहीं। सेना प्रमुख ने कहा कि भारत अभी भविष्य के संघर्षों की कुछ झलकियां देख रहा है।


हम भविष्‍य के संघर्षों का ट्रेलर देख रहे: नरवणे

जनरल नरवणे ने एक संगोष्ठी को ऑनलाइन संबोधित करते हुए कहा कि भारत अलग तरह की, कठिन तथा बहु-स्तरीय सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है और उत्तरी सीमा पर घटनाक्रम ने पूरी तरह से तैयार और सक्षम बलों की जरूरत को रेखांकित किया है।

चीन और पाकिस्तान का नाम लिए बिना सेना प्रमुख ने कहा कि परमाणु-सक्षम पड़ोसियों के साथ सीमा विवाद साथ ही राज्य प्रायोजित छद्म युद्ध ने सुरक्षा तंत्र एवं संसाधनों के समक्ष चुनौतियां बढ़ा दी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हम अभी भविष्य के संघर्षों की झलकियां देख रहे हैं। सूचना के क्षेत्र, नेटवर्क और साइबर स्पेस में भी हमें इसके सबूत दिखाई दे रहे हैं। विवादित सीमाओं पर भी ये सब दिखाई दे रहा है।’’

सेना प्रमुख ने कहा, ‘‘इन झलकियों के आधार पर हमें भविष्य के लिए तैयार होना होगा। यदि आप आस पास देखेंगे, तो आपको आज की वास्तविकता का एहसास होगा।’’

सेना प्रमुख ने कहा कि उत्तरी सीमा पर ताजा घटनाक्रम देश की संप्रभुता एवं अखंडता को बनाए रखने के लिए आधुनिक तकनीक वाले साजो-सामान से लैस सक्षम बलों की जरूरत को रेखांकित करते हैं।
 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment