भाजपा की पंजाब के लिए 34 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी
भाजपा ने पंजाब विधान सभा चुनाव के लिए 34 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए कांग्रेस, आप और अकाली दल पर जमकर निशाना साधा है।
![]() भाजपा की पंजाब के लिए 34 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी |
शुक्रवार को भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में पंजाब के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए पंजाब के चुनाव सह प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, पंजाब प्रभारी एवं भाजपा राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम और भाजपा राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने पंजाब की कांग्रेस सरकार के साथ-साथ अपने पुराने सहयोगी अकाली दल और आम आदमी पार्टी की आलोचना करते हुए यह दावा किया कि भाजपा राज्य में एक विकल्प के तौर पर उभर रही है।
शुक्रवार को भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में 34 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए भाजपा राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने बताया कि पार्टी ने अपनी पहली लिस्ट में 12 किसान , 8 अनुसूचित जाति और 13 सिख समुदाय के व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने टिकट बांटते समय पंजाब के सभी समुदायों को शामिल करने की कोशिश की है। उन्होने दावा किया कि पार्टी की पहली सूची में किसान, डॉक्टर, अधिवक्ता, खिलाड़ी, उद्योगपत्ति , मजदूर , युवा, महिला, छोटे दुकानदार और पूर्व आईएएस अधिकारी के साथ ही गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का चुनाव जीतने वाले लोग भी शामिल हैं।
भाजपा ने अपनी पहली सूची में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान विधायक मनोरंजन कालिया को जालंधर सेंट्रल से , पंजाब के प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से जुड़े कंवरवीर सिंह तोहड़ा को अमलोह , कबड्डी खिलाड़ी रंजीत सिंह खोजेवाला को कपूरथला से और अरविंद खन्ना को संगरूर से उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने सुजानपुर से दिनेश सिंह बब्बू, दीनानगर से रेणु कश्यप , मुकेरियां से जंगीलाल महाजन, गढ़शंकर से नमिषा मेहता, फिरोजपुर शहर से राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी , फरीदकोट से गौरव कक्कड़ और डेरा बस्सी से संजीव खन्ना को चुनावी मैदान में उतारा है।
पंजाब के चुनाव सह प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री चन्नी की आलोचना करते हुए कहा कि जिस पंजाब को देश का गौरव कहा जाता है , उस पंजाब की कांग्रेस ने क्या हालत कर दी है। भगवंत मान को सीएम पद का उम्मीदवार बनाने के लिए आप की आलोचना करते हुए पुरी ने कहा कि पंजाब में नशा एक बहुत बड़ी समस्या है और क्या इस हालात में पंजाब जैसे संवेदनशील बॉर्डर स्टेट में ऐसी छवि के व्यक्ति को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाना सही है ? उन्होने अकाली दल पर भी राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि अच्छा हुआ , वो हमें स्वयं ही छोड़ कर चले गए।
पंजाब प्रभारी एवं भाजपा राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम ने मुख्यमंत्री चन्नी पर आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब सरकार केंद्र बनाम पंजाब का मुद्दा बनाकर राज्य के लोगों को भड़काना चाहती है। लेकिन पिछले 7 सालों में मोदी सरकार ने राज्य की जनता के लिए जितना काम किया है उसकी वजह से राज्य की जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है। उन्होने कहा कि राज्य की पुरानी पार्टियों ने पंजाब की जनता को धोखा दिया है इसलिए जनता राज्य में परिवर्तन करने का मन बना चुकी है और भाजपा गठबंधन राज्य में शानदार प्रदर्शन करने जा रहा है। उन्होने भविष्य में भाजपा के एक विकल्प के तौर पर भी उभरने का दावा किया।
भाजपा राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने परिवारवाद को लेकर कांग्रेस और अकाली दोनों ही दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में उम्मीदवारों के चयन की एक प्रक्रिया होती है जबकि अन्य दलों में मां-बेटे और बाप-बेटे मिलकर ही उम्मीदवार तय कर देते हैं।
आपको बता दें कि , पंजाब में विधानसभा की सभी 117 सीटों पर 20 फरवरी को मतदान होना है। भाजपा राज्य में पहली बार अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव सिंह ढींढसा की पार्टी शिरोमणि अकाली दल ( संयुक्त) के साथ गठबंधन कर बड़े भाई की भूमिका में चुनाव लड़ रही है।
| Tweet![]() |