UP Election 2022: कांग्रेस ने जारी की 125 उम्मीदवारों की पहली सूची, 50 सीटों पर महिलाओं को उतारा

Last Updated 13 Jan 2022 12:35:02 PM IST

कांग्रेस महासचिव ने उत्तर प्रदेश में 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। प्रियंका गांधी ने गुरुवार को उम्मीदवारों की सूची का ऐलान करते हुए बताया कि पार्टी ने इनमें 50 सीटों पर महिला प्रत्याशियों को उतारा है।


UP Election: कांग्रेस ने जारी की 125 उम्मीदवारों की पहली सूची (file photo)

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जिनमें उन्नाव सामूहिक बलात्कार मामले की पीड़िता की मां समेत 50 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।

प्रियंका गांधी ने डिजिटल संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से इन उम्मीदवारों की सूची जारी की और विशेष रूप से 50 महिला उम्मीदवारों के नामों का उल्लेख किया।

कुछ महीने पहले ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान आरंभ करते हुए प्रियंका गांधी ने घोषणा की थी कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देगी।


पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लिए जो पहली सूची जारी की है उनमें पार्टी विधायक दल की नेता अराधना मिश्रा ‘मोना’, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद के साथ ही सदफ़ जाफर और विभिन्न क्षेत्रों में संघर्षरत कई अन्य महिलाएं शामिल हैं।

उन्नाव से सामूहिक बलात्कार मामले की पीड़िता की मां आशा सिंह को कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस और प्रियंका गांधी वाद्रा ने इस मामले में न्याय की मांग जोरशोर से उठाई थी और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा था।

कांग्रेस विधायक दल की नेता और वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी की पुत्री अराधना मिश्रा अपनी मौजूदा सीट रामपुर खास (प्रतापगढ़) से चुनाव लड़ रही हैं। लुईस को फर्रूखाबाद से , पांखुड़ी पाठक को नोएडा से , अल्पना निषाद को इलाहाबाद-दक्षिण से, पूनम पांडे को शाहजहांपुर से और सदफ जाफर को लखनऊ-मध्य से उम्मीदवार बनाया गया है।

इसके साथ ही, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू कुशीनगर की तमकुहीराज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे जहां से वर्तमान में वह विधायक भी हैं। अलीगढ़ के कोल से विवेक बंसल, इलाहाबाद-उत्तर से अनुग्रह नारायण सिंह, मथुरा से प्रदीप माथुर, वाराणसी के पिंडरा से अजय राय और बाराबंकी की जैदपुर सीट से तनुज पूनिया चुनाव लड़ेंगे।

हम उप्र में नकारात्मक नहीं, सकारात्मक राजनीति करेंगे: प्रियंका

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में नकारात्मक नहीं, बल्कि सकारात्मक चुनाव प्रचार करेगी ताकि राज्य के भविष्य को संवारा जा सके।

उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए यह भी कहा कि इस चुनाव के बाद भी वह उत्तर प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करती रहेंगी। कांग्रेस के इन 125 उम्मीदवारों में 50 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य यह है कि हमारी पार्टी मजबूत बने। हमने अपने कार्यकर्ताओं से कहा है कि हम नकारात्मक नहीं, सकारात्मक चुनाव प्रचार करेंगे। हम चाहते हैं कि विकास, महिला सशक्तिकरण की बात हो, दलितों के विकास की बात हो, प्रदेश की समस्याओं के समाधान ने की बात हो, प्रदेश का भविष्य उज्ज्वल बनाने की बात हो।’’

उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की है जब कुछ दिनों पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि यह चुनाव ‘80 फीसदी बनाम 20 फीसदी’ होगा। दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी ‘सामाजिक न्याय’ के मुद्दे को अपने चुनाव प्रचार के केंद्रबिंदु में रखते नजर आ रहे हैं।

प्रियंका ने मुख्यमंत्री का नाम लिए बगैर उन पर निशाना साधते हुए सवाल किया, ‘‘बेरोजगार नौजवानों का प्रतिशत क्यों नहीं गिना जा रहा है? क्या वे महत्वपूर्ण नहीं हैं? जिन महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है, उनके बारे में क्यों नहीं सोचा जा रहा है?’’

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘इस चुनाव के बाद भी उत्तर प्रदेश में रहूंगी, काम करती रहूंगी। मेरा प्रयास है कि उत्तर प्रदेश में मैं अपनी पार्टी को मजबूत करके आगे बढ़ाऊं... अगर पार्टी कहेगी कि हमारी भूमिका कहीं और भी होनी चाहिए तो वह भी करूंगी।’’

नेताओं के पार्टी छोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पहले भी कहा कि हमारा संघर्ष ऐसा है जिसके लिए हिम्मत की जरूरत है। हमारे साथी जाते हैं तो दुख होता है। प्रयास होता है कि वे साथ रहें। लेकिन वह जाने का निर्णय लेते हैं तो लगता है कि वह हिम्मत नहीं रख पा रहे हैं।’’

महिलाओं को बड़ी संख्या में टिकट देने के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘‘हमने महिलाओं की बात शुरू की तो सभी पार्टियां घोषणाएं करने लगीं। भाजपा, सपा, रालोद, बसपा सबने घोषणाएं कीं। हमारी सफलता यही है कि अब महिलाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।’’

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सात चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को और सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान सात मार्च को होगा। 10 मार्च को नतीजे घोषित होंगे।

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment