देश के कई राज्यों में शीतलहर का प्रकोप, दिल्ली में तापमान गिरकर 3.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

Last Updated 20 Dec 2021 12:17:10 PM IST

देश की राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में दिसंबर की सर्दी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। दिल्ली में जहां तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है, वहीं राजस्थान, हिमाचल समेत पूरे उत्तर भारत में शीतलहर ने ठंड को और बढ़ा दिया है।


दिल्ली में शीत लहर का प्रकोप बना हुआ है और सोमवार को तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया जो अभी तक इस मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान है। सफदरजंग वेधशाला ने यह जानकारी दी, जिसके आंकड़ों को शहर के लिए आधिकारिक मानक माना जाता है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग में वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने बताया कि एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभों और इसके कारण मंगलवार रात से सर्द उत्तरपश्चिमी हवाओं के मंद होने से न्यूनतम तापमान बढ़ जाएगा।

पश्चिमी दिल्ली के जाफ्फरपुर गांव में मौसम केंद्र ने न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। लोधी रोड मौसम केंद्र ने औसतन सात डिग्री सेल्सियस तापमान के मुकाबले न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, ज्यादातर अन्य स्थानों पर न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस से छह डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

जेनामणि ने बताया कि 22 और 25 दिसंबर के बीच ‘‘एक के बाद एक’’ दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से न्यूनतम तापमान छह से सात डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।

आईएमडी ने 21 दिसंबर तक उत्तरपश्चिमी भारत के कई हिस्सों में शीतलहर चलने का अनुमान जताया है।

हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और हिमाचल में भी हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। राजस्थान के चुरू में रविवार को सबसे कम शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद सीकर में शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे और अमृतसर में शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया।

अगर मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है तो आईएमडी शीतलहर की घोषणा करता है। जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे तक चला जाता है और सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहता है तो भी शीत लहर की घोषणा की जाती है।

राजस्थान के कई स्थानों पर पारा शून्य से नीचे

राजस्थान के अधिकांश इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है जहां चुरू और सीकर सहित कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर से आने वाली सर्द हवाओं के कारण राजस्थान के अनेक इलाके शीतलहर की चपेट में हैं, जहां बीती रविवार रात न्यूनतम तापमान फतेहपुर में शून्य से 1.8 डिग्री नीचे, करौली में 0.1 डिग्री सेल्सियस, सीकर और चुरू में 0.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इसी तरह रात का न्यूनतम तापमान अलवर में 1.1 डिग्री, भीलवाड़ा में 1.4 डिग्री, अलवर में 1.6 डिग्री, संगरिया में 1.8 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 2.6 डिग्री, पिलानी में 3.3 डिग्री, ऐरनपुरा में 4.0 डिग्री, गंगानगर में 4.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

राज्य के फतेहपुर और चुरू में यह शून्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है जबकि अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री से लेकर 28.9 डिग्री के बीच रहने का अनुमान जताया है।

वहीं, राजधानी जयपुर में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने राज्य के गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरू, सीकर, झुंझुनू, नागौर और भरतपुर सहित अनेक जिलों में आगामी 24 घंटे भी शीतलहर के संबंध में 'येलो अलर्ट' जारी किया गया।
 

आईएएनएस/भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment