देश में पहली बार एक दिन में संक्रमण से चार लाख से ज्यादा लोग हुए ठीक

Last Updated 18 May 2021 04:54:12 PM IST

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि पहली बार देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण से चार लाख से ज्यादा लोग ठीक हो गए जबकि लगातार दूसरे दिन तीन लाख से कम नए मामले आए।


पिछले 24 घंटे में 4,22,436 मरीजों के स्वस्थ हो जाने के बाद, देश में अब तक 2,15,96,512 लोग संक्रमण से ठीक हो चुके हैं।

मंत्रालय ने कहा कि पिछले 14 दिन से हर दिन 3,55,944 से अधिक लोग संक्रमण से ठीक हुए हैं।

पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 2,63,533 नए मामले आए। इनमें से 74.54 प्रतिशत मामले 10 राज्यों से आए। सबसे ज्यादा 38,603 मामले कर्नाटक से, वहीं 33,075 नए मामले तमिलनाडु से आए।

देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 33,53,765 है। कुल संक्रमितों के 13.29 प्रतिशत मरीज उपचाराधीन हैं।

कर्नाटक, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में देश के करीब 69.01 प्रतिशत उपचाराधीन मरीज हैं।

मंत्रालय के मुताबिक राष्ट्रीय स्तर पर मृत्यु दर 1.10 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में 4329 मरीजों की मौत हो गयी। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 1,000 लोगों और कर्नाटक में 476 लोगों की मौत हो गयी।

देश में कोविड-19 रोधी टीके की करीब 18.44 करोड़ खुराकें दी गयी है। सुबह सात बजे की अनंतिम रिपोर्ट के मुताबिक 26,87,638 सत्र में कुल 18,44,53,149 खुराकें दी गयी।

टीकाकरण अभियान के 122 वें दिन (17 मई को) टीके की 15,10,418 खुराकें दी गयी। इस दौरान 12,67,201 लोगों को पहली खुराक और 2,43,217 लोगों को दूसरी खुराक दी गयी।

विदेश से मदद के रूप में भारत को 11,321 ऑक्सीजन सांद्रक, 15,801 ऑक्सीजन सिलेंडर, 19 ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र, 7470 वेंटिलेटर, बीपैप मशीनें और रेमडेसिविर की 5.5 लाख शीशियां मिली हैं।
 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment