सिक्किम के नाकुला में भारत-चीन के सैनिकों में एक बार फिर झड़प, कई सैनिक घायल

Last Updated 25 Jan 2021 12:14:18 PM IST

उत्तरी सिक्किम के नाकुला में भारतीय और चीनी सैनिक आपस में भिड़ गए। ये झड़प पिछले हफ्ते हुई और इसमें कई सैनिक घायल हो गए हैं।


सांकेतिक फोटो

पूर्वी लद्दाख में भारत-चीन के बीच जारी गतिरोध के बीच पिछले हफ्ते उत्तरी सिक्किम के नाकूला में भी दोनों देशों के सैनिक आमने-सामने आए गए थे।

घटना की जानकारी रखने वालों ने सोमवार को बताया कि चीन के सैनिकों ने वास्तविक नियंत्रणरेखा (एलएसी) पार कर भारतीय इलाके में घुसपैठ करने की कोशिश की लेकिन भारतीय सेना के जवानों ने उन्हें रोक दिया।

एक सरकारी सूत्र ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।

माना जा रहा है कि विवाद उस समय हुआ जब भारतीय जवानों ने चीन के सैनिकों को रोका। अबतक आधिकारिक रूप से इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

उल्लेखनीय है कि नाकूला वही स्थान है जहां पर पिछले साल नौ मई को भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प हुई थी। इसके बाद पूर्वी लद्दाख के पेंगोंग लेक इलाके में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी और तब से अबतक करीब नौ महीने से वहां सैन्य गतिरोध जारी है।

सरकारी सूत्र ने कहा कि झड़प तीन दिन पहले हुई थी।

इस बीच, पूर्वी लद्दाख के सभी तनाव वाले इलाके से सैनिकों की वापसी के उद्देश्य से रविवार को भारत और चीन की सेना के बीच रविवार को एक और दौर की कोर कमांडर स्तर की वार्ता हुई।

सीमा विवाद को सुलझाने के लिए भारत और चीन ने 16 घंटे लंबी मैराथन सैन्य वार्ता आयोजित की जो कि सोमवार रात 2 बजे समाप्त हुई।

पिछले दो महीने में हुई अंतिम वार्ता के बाद दोनों देशों के बीच नौवीं कॉर्प्स कमांडर स्तर की वार्ता मोल्दो मीटिंग प्वॉइंट पर हुई।

लेह स्थित मुख्यालय 14 कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल पी.जी. के. मेनन ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। बैठक में भारत ने विवादित क्षेत्रों को पूरी तरह स्वतंत्र करने और सुरक्षा बलों को वापस बुलाने की मांग की।

गलवान घाटी में दोनों पक्षों के बीच पिछले साल 15 जून को हुई हिंसा में भारत ने अपने 20 सैनिकों को खो दिया था, जबकि मरने वाले चीनी सैनिकों की संख्या अज्ञात है।

  

 

आईएएनएस/ भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment