इंदिरा जयंती: सोनिया, राहुल गांधी और कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Last Updated 19 Nov 2020 12:10:16 PM IST

देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 103वीं आज जयंती है। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने गुरूवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी।


राहुल-सोनिया समेत कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

सोनिया ने इंदिरा गांधी स्मारक स्थल पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी ने ‘शक्ति स्थल’ जाकर इंदिरा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित किए और कहा कि उनकी दादी की सिखाई हुई बातें उन्हें निरंतर प्रेरित करती हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को शक्ति स्थल पर उनकी 103वीं जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की और बाद में उन्हें अपनी प्यारी दादी के रूप में याद करने के बारे में ट्वीट किया। उन्होंने कहा, कुशल और शक्ति के अवतार के रूप में प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि। पूरा देश आज भी उनके नेतृत्व का उदाहरण देता है। लेकिन मैं उन्हें अपनी प्यारी दादी के रूप में याद करता हूं। उन्होंने जो पाठ पढ़ाया वह मुझे प्रेरणा देता रहा है।



पार्टी के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ‘‘इंदिरा गांधी जी सशक्त, समर्थ नेतृत्व और अद्भुत प्रबंधन क्षमता की धनी थीं उनके कार्यकाल में भारत ने विकास के नव आयाम स्थापित किए तथा वि पटल पर भारत की छवि को नई पहचान मिली। भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा जी की जयंती पर उन्हें शत्-शत् नमन।’’    


कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने पूर्व प्रधानमंत्री को याद करते हुए ट्वीट किया, ‘‘विश्व भर में लौह महिला कहलाई जाने वाली, दृढ निश्चय, साहस व अद्भुत क्षमता वाली, भारत की प्रथम व एक मात्र महिला प्रधानमंत्री, श्रीमती इंदिरा गांधी जी की जयंती पर उन्हें शत शत नमन।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अपनी प्रतिभा व राजनीतिक दृढ़ता के लिए विश्व राजनीति के इतिहास में इंदिरा जी का नाम सदैव याद रखा जाएगा।’’

 

देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर, 1917 को प्रयागराज में हुआ था। वह जनवरी 1966 से मार्च 1977 तक देश की प्रधानमंत्री रहीं। इसके बाद 1980 में वह दोबारा देश की प्रधानमंत्री बनीं। 31 अक्टूबर, 1984 को उनकी हत्या कर दी गई थी।

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment