हिंसा पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं कुछ राजनीतिक दल: नकवी

Last Updated 29 Feb 2020 12:59:57 PM IST

अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शनिवार को आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल और ‘उकसाने वाले पेशेवेर लोग’ साम्प्रदायिक दंगों से प्रभावित लोगों के जख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं लेकिन इन सबके बावजूद सौहार्द कायम होगा।


अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी (फाइल फोटो)

वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि भड़काने वाले और मुजरिम जेल में होंगे और शांति और सौहार्द कायम होगा। यह ‘हमारी प्रतिबद्धता और विश्वास’ होना चाहिए।     

नकवी ने यहां पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि हिंसा के पीड़ितों के जख्मों पर मरहम लगाने के बजाय कुछ राजनीतिक दल और ‘भड़काने वाले पेशेवेर लोग’ उनके घाव पर नमक छिड़क रहे हैं।     

उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण साम्प्रदायिक दंगों की ‘धर्मनिरपेक्ष सवारी’ बंद होनी चाहिए।     

मंत्री ने कहा, ‘‘यह सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि पीड़ितों को न्याय मिले और मुजरिमों को सख्त सजा मिले तथा शांति और सौहार्द बहाल हो।’’     

दिल्ली में साम्प्रदायिक दंगों में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर शुक्रवार को 42 हो गई।      

नकवी ने कहा, ‘‘जब हमने हिंसा और अराजकता की खबरें सुनीं तो उसी वक्त सौहार्द और भाईचारे के कई उदाहरण भी देखे। यह मेरे भारत की ‘विविधता में एकता’ की ताकत है।’’  

उन्होंने कहा कि एकता और सौहार्द धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक भारत की आत्मा है।     

उन्होंने कहा, ‘‘हमें किसी भी परिस्थिति में भारत की आत्मा और ताकत को कमजोर नहीं करने देना चाहिए।’’     

भाजपा नेता ने कहा कि किसी भी तरह की हिंसा न केवल इंसानों को बल्कि पूरे समुदाय को चोट पहुंचाती है और यह भारत की आत्मा को भी चोट पहुंचाती है।     

नकवी ने कहा, ‘‘यह सुनिश्चित करना हम सभी का राष्ट्रीय कर्तव्य होना चाहिए कि सौहार्द और एकता का ताना बाना किसी भी परिस्थिति में कमजोर न हो।’’

 

भाषा
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment