जामिया-न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी हिंसा: शरजील इमाम को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत

Last Updated 18 Feb 2020 02:55:06 PM IST

देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार जेएनयू के छात्र शरजील इमाम को दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।


शरजील इमाम (फाइल फोटो)

दिल्ली पुलिस ने जामिया-न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के मामले में मंगलवार को अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया, जिसमें शरजील इमाम पर उकसाने का आरोप लगाया गया है।     

अदालत ने इमाम को तीन मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उन्हें पिछले महीने राजद्रोह के मामले गिरफ्तार किया गया था।     

मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट गुरमोहिना कौर की अदालत में दिल्ली पुलिस ने आरोपपत्र दायर किया।     

उसने यह भी कहा सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्डस और 100 से अधिक गवाहों के बयान बतौर प्रमाण संलग्न किए गए हैं।     

अदालत ने सोमवार को इमाम को एक दिन की दिल्ली पुलिस की हिरासत में भेजा था।     

गौरतलब है कि 15 दिसम्बर को जामिया मिल्लिया इस्लामिया के पास न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ जारी प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क गई थी।    

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चार बसों और पुलिस के दो वाहनों में आग लगा दी थी। छात्रों, पुलिस कर्मियों और दमकल कर्मियों सहित करीब 60 लोग घायल हुए थे।

उल्लेखनीय है कि एक विवादित वीडियो सामने आने के बाद शरजील को दिल्ली पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया था।    

भाषा/आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment