उद्धव ठाकरे की ताजपोशी आज, NCP का होगा उपमुख्यमंत्री, कांग्रेस के होंगे विधानसभा अध्यक्ष

Last Updated 28 Nov 2019 10:41:10 AM IST

महाराष्ट्र के नवनियुक्त मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे गुरूवार शाम को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। ठाकरे (59) के शपथ लेने के बाद राज्य को 20 साल बाद शिवसेना से मुख्यमंत्री मिलेगा।


शपथ ग्रहण समारोह यहां के विशाल शिवाजी पार्क में आयोजित होगा जहां उद्धव के पिता एवं शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे अपनी प्रसिद्ध दशहरा रैलियों को संबोधित करते थे।     

शिवसेना से अंतिम बार 1999 में नारायण राणे मुख्यमंत्री बने थे। इससे पहले मनोहर जोशी मुख्यमंत्री थे जो 1995 में पार्टी की तरफ से बने पहले मुख्यमंत्री थे। यह शपथ ग्रहण समारोह राज्य में कई दिन तक चले सियासी नाटक के बाद होने जा रहा है। इन नाटकीय घटनाक्रमों में राकांपा नेता अजित पवार के अप्रत्याशित समर्थन से बनी तीन दिन की सरकार भी शामिल थी जो बाद में फिर से शरद पवार नीत पार्टी में लौट आए थे।      

शिवसेना ने राकांपा और कांग्रेस के साथ मिलकर ‘महा विकास अघाड़ी’ का गठन किया था ताकि राज्य में गैर भाजपा सरकार बनाई जा सके।       

ऐसी अटकलें हैं कि अजित पवार नये मंत्रिमंडल में शामिल किए जा सकते हैं। 

राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल ने बुधवार को कहा कि शिवसेना नीत नयी सरकार में उपमुख्यमंत्री का पद उनकी पार्टी को मिलेगा। उन्होंने ‘महा विकास अघाड़ी’ की बैठक के बाद कहा था कि कांग्रेस के हिस्से में विधानसभा अध्यक्ष का पद आ सकता है जबकि राकांपा को उपाध्यक्ष का पद मिलने की संभावना है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ ही, तीनों दलों के एक-एक या दो सदस्य मंत्री पद की शपथ लेंगे।      

पटेल ने कहा कि सरकार में उपमुख्यमंत्री का केवल एक पद होगा।

बुधवार को महाराष्ट्र की 14वीं विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया था जहां कार्यवाहक अध्यक्ष कालिदास कोलांबकर ने 285 नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई थी।     विधानसभा सचिव राजेंद्र भागवत ने कहा कि विस अध्यक्ष के चुनाव की तारीख पर फैसला, उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद होने वाली कैबिनेट की बैठक में लिया जाएगा।


शिवसेना-राकांपा को 15-15, कांग्रेस को 13 मंत्री पद संभव
महाराष्ट्र की नई सरकार में शिवसेना-राकांपा को 15-15 मंत्री पद मिल सकते हैं। वहीं, कांग्रेस के 13 मंत्री होंगे। शिवसेना को पूरे पांच साल के लिए मुख्यमंत्री का पद मिलेगा। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नई सरकार में शिवेसना को मुख्यमंत्री के अलावा 14 मंत्री पद मिल सकते हैं। शरद पवार नीत राकांपा को एक उप मुख्यमंत्री समेत 15 मंत्रीपद दिए जा सकते हैं। महाराष्ट्र में अधिकतम 43 मंत्री हो सकते हैं। 288 सदस्यीय विधानसभा में मंत्रियों की संख्या 15 प्रतिशत (कुल सदस्य संख्या का) से अधिक नहीं हो सकती। मौजूदा विधानसभा में शिवसेना के 56, राकांपा के 54 और कांग्रेस के 44 विधायक हैं।      

सोनिया, ममता, केजरीवाल शपथ ग्रहण में आमंत्रित
महाराष्ट्र में शिवेसना प्रमुख उद्धव ठाकरे के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अर¨वद केजरीवाल और द्रमुक नेता एमके स्टालिन को आमंत्रित किया गया है। हालांकि सूत्रों के अनुसार केजरीवाल के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की संभावना नहीं है। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, केजरीवाल पहले से तय कार्यक्रमों के चलते कल महाराष्ट्र में शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत नहीं कर पाएंगे।

शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस के महाराष्ट्र विकास अघाड़ी के नेता उद्धव बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। शिवेसना नेता एकनाथ ¨शदे ने यहां कहा, हमने शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को आमंत्रित किया है। हमें उम्मीद है कि कांग्रेस के कुछ अन्य वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा ममता बनर्जी, केजरीवाल और स्टालिन को भी आमंत्रित किया गया है।

एजेंसियां
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment